रायपुर, 12 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग, भोपाल तथा सखी वन स्टॉप सेंटर, जिला भोपाल का अवलोकन किया। उनके इस अवलोकन का उद्देश्य महिला सुरक्षा, सहायता सेवाओं और संबंधित तंत्र की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष मूल्यांकन करना और जानकारी लेना रहा।
डॉ. नायक ने सबसे पहले सखी वन स्टॉप सेंटर, भोपाल पहुंचकर केंद्र की सुविधाओं, व्यवस्थाओं और सेवा तंत्र का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान केंद्र की प्रशासिका सहित समस्त कर्मचारी मौजूद रहे। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध त्वरित सहायता सुविधाओं, चिकित्सा सेवा, परामर्श प्रणाली, कानूनी सहायता और शेल्टर होम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डॉ. नायक ने शेल्टर होम में रह रही बालिकाओं और महिलाओं से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर संवेदनशीलता से चर्चा की। इसके बाद डॉ. किरणमयी नायक ने विजिटिंग बुक में अपने अनुभव दर्ज किए और सखी वन स्टॉप सेंटर के कार्यों की सराहना करते हुए सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्र महिलाओं के लिए सुरक्षा और सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और इनके सुदृढ़ संचालन से पीड़ित महिलाओं को त्वरित राहत मिलती है।
यहां के बाद डॉ. नायक मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग, भोपाल पहुंचीं। यहां सदस्य सचिव सहित आयोग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात हुई। बैठक में महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों आयोगों के बीच महिला अधिकारों, शिकायत निवारण व्यवस्थाओं और समन्वय को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।













