रायपुर, 18 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में स्थित सेतगंगा धाम आने वाले दिनों में पर्यटन के मानचित्र पर अंकित होगा। यह धाम गुरु घासीदास बाबा के जीवनवृत्त से जुड़ा हुआ है। गुरु घासीदास बाबा की जयंती पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस धाम के विकास के लिए कई घोषणायें की। उन्होंने सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये, राम जानकी मंदिर पर्यटन क्षेत्र विकास के लिए 50 लाख रुपये तथा गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरु घासीदास बाबा ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। बाबा के विचार आज भी सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता को सुदृढ़ करते हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने जैतखंभ में विधिवत पूजा-अर्चना कर पालो चढ़ाया तथा गुरुगद्दी एवं राम जानकी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक पुन्नूलाल मोहले, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, डोमन लाल कोरसेवाड़ा तथा श्रीमती भावना बोहरा उपस्थित थीं।













