प्रतापगढ़, 26 दिसंबर 2025। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अन्तर्गत विकास खण्ड आसपुर देवसरा में खण्ड स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन ब्लॉक संसाधन केन्द्र (बीआरसी), आसपुर देवसरा में हुआ, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक सुशील कुमार त्रिपाठी खण्ड शिक्षा अधिकारी, आसपुर देवसरा रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विज्ञान विषय के प्रति जिज्ञासा और नवाचार की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया।
प्रतियोगिता का परीक्षा संपादन एकेडमिक रिसोर्स ग्रुप, आसपुर देवसरा द्वारा किया गया, जिसमें दयानन्द मिश्रा (एआरपी सामाजिक विषय), राहुल यादव (एआरपी विज्ञान), सुशील यादव (एआरपी गणित) तथा बसन्त यादव (एआरपी अंग्रेजी) की सक्रिय भूमिका रही।
बैठक व्यवस्था सीटिंग प्लान के अनुसार चार कक्षों में सुनिश्चित की गई। द्वितीय चरण की क्विज प्रतियोगिता का संचालन योगेश प्रताप सिंह द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मनीष सिंह, आनन्द सिंह, राकेश पाण्डेय, पृथ्वीपाल सिंह, प्रकाश नारायण चौरसिया, विनोद कुमार, शिव प्रसाद वर्मा एवं राज बहादुर यादव का सराहनीय सहयोग रहा।
प्रतियोगिता में विकास खण्ड के प्रत्येक विद्यालय से 3-3 विद्यार्थियों ने प्रथम चरण में भाग लिया, जिसमें बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से कुल 123 विद्यार्थियों की सहभागिता रही। इस चरण से शीर्ष 25 विद्यार्थियों का चयन किया गया। इन चयनित 25 विद्यार्थियों की 5-5 की टीम बनाकर प्रोजेक्टर के माध्यम से द्वितीय चरण की मौखिक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें एक विजयी टीम का चयन किया गया।
इसके अतिरिक्त व्यक्तिगत साक्षात्कार के माध्यम से 5 विद्यार्थियों का मॉडल प्रतियोगिता हेतु चयन किया गया। इस प्रकार चयनित कुल 10 विद्यार्थी आगामी जनपद स्तरीय क्विज एवं मॉडल प्रतियोगिता में विकास खण्ड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विजयी 10 विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप विज्ञान किट, ट्रॉफी एवं विज्ञान की पुस्तकें प्रदान की गईं। वहीं सभी 123 विद्यार्थियों को ड्राइंग बॉक्स एवं नोटबुक दी गई तथा सभी प्रतिभागियों के लिए लंच पैकेट की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें शिक्षकों एवं आयोजकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

















