रायपुर, 20 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के ग्राम सिलघट (भिभौरी) में 10 से 13 दिसंबर तक 108 कुंडीय विश्व कल्याण गायत्री महायज्ञ आयोजित हुआ। यह आयोजन ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ संपन्न हो गया। आयोजन की सफलता पर आयोजक मंडल अखिल विश्व गायत्री परिवार ने रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आओ गढ़ें संस्कारवान पीढ़ी के उद्देश्य से 10 से 13 दिसंबर 2025 तक आयोजित इस चार दिवसीय आयोजन की तैयारिया लगभग एक वर्ष पूर्व से की जा रही थीं। शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन, अखिल विश्व गायत्री परिवार, महिला एवं बाल विकास विभाग छत्तीसगढ़ शासन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों के सहयोग से यह आयोजन अपने उद्देश्यों में पूर्णतः सफल रहा।
आयोजन के प्रथम दिवस 10 दिसंबर को बदना महादेव मंदिर भिभौरी से भव्य कलश यात्रा निकली। इस यात्रा में 6 हजार माताएं एवं 10 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा में भारतीय वीरांगनाओं के स्वरूप में सजी बालिकाएं, पारंपरिक वेशभूषा में कलाकार और भक्तिमय संगीत आकर्षण का केंद्र रहे।
कलश यात्रा 6 किलोमीटर की दूरी तय कर ग्राम सिलघट स्थित यज्ञशाला पहुंची। यहां शांतिकुंज हरिद्वार से पधारी टोली द्वारा 108 कुंडीय महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
द्वितीय दिवस 11 दिसंबर को देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या के पावन सानिध्य में महायज्ञ संपन्न हुआ। उन्होंने अपने प्रवचन में व्यक्तित्व निर्माण, निस्वार्थ सेवा और विश्व कल्याण का संदेश दिया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 108 कुंडों में आहुतियां दी गईं, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
1056 गर्भ संस्कार से वर्ल्ड रिकॉर्ड
तृतीय दिवस 12 दिसंबर को 1056 गर्भवती माताओं का सामूहिक गर्भ संस्कार (पुंसवन संस्कार) आयोजित किया गया, जो गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग छत्तीसगढ़ के सहयोग से आयोजित इस समारोह ने वर्ष 2022 में बने 536 माताओं के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल रमेश बैस एवं जामडी पाटेश्वर धाम के पूज्य बाबा रामबालक दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
93 जोड़ों का सामूहिक आदर्श विवाह
आयोजन के अंतिम दिवस मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 93 जोड़ों का सामूहिक आदर्श विवाह संपन्न हुआ। वैदिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इस विवाह समारोह में 50 हजार से अधिक लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, विधायक दीपेश साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एक लाख से अधिक लोगों को भोजन
चार दिवसीय आयोजन में मां भगवती रसोई के माध्यम से एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित रूप से भोजन कराया गया, जिसे आयोजन की बड़ी उपलब्धि माना गया। आयोजक मंडल ने शांतिकुंज हरिद्वार, महिला एवं बाल विकास विभाग छत्तीसगढ़, समस्त जनप्रतिनिधियों, सहयोगी संस्थाओं, ग्रामवासियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

















