रायपुर, 21 दिसंबर 2025। कैंपियन स्कूल, रायपुर का परिसर 19 और 20 दिसंबर को सिर्फ खेल मैदान नहीं, बल्कि ऊर्जा, आत्मविश्वास और सामूहिक उत्साह का जीवंत केंद्र बन गया। मध्य भारत के प्रतिष्ठित सीबीएसई जेसुइट संस्थान में आयोजित वार्षिक खेल महोत्सव कैंप जैम्बोरी 2025 ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और मन में आत्मबल भर दिया।
19 दिसंबर को प्राथमिक विभाग के खेल कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के उपाध्यक्ष महेंद्र आहूजा और अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी सुश्री हर्षा साहू ने किया। नन्हे खिलाड़ियों के उत्साह को देखते हुए अतिथियों ने कहा कि खेल बच्चों को न सिर्फ शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाते हैं, बल्कि उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का पाठ भी पढ़ाते हैं। बच्चों की दौड़, खेल प्रतियोगिताएं और अनुशासित प्रदर्शन ने अभिभावकों और शिक्षकों को गर्व से भर दिया।
दूसरे दिन, 20 दिसंबर को उच्च विद्यालय विभाग का खेल समारोह और भी प्रेरणादायी रहा। माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने वाली पवर्तारोही सुश्री नैना सिंह धाकड़ की उपस्थिति ने छात्रों में नए सपनों की चिंगारी जगा दी। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गुब्बारों के विमोचन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में ट्रैक इवेंट्स के साथ रस्साकशी प्रतियोगिता विशेष आकर्षण रही, जहां टीमवर्क और रणनीति का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
अपने संबोधन में सुश्री नैना सिंह धाकड़ ने छात्रों को लक्ष्य तय करने, साहस बनाए रखने और निरंतर प्रयास की सीख दी। उन्होंने कहा कि खेल मित्रता को मजबूत करते हैं और जीवन की कठिन चुनौतियों से लड़ने की क्षमता विकसित करते हैं।
प्रधानाचार्य फादर अशोक कुजूर, एसजे और उप-प्रधानाचार्य फादर चार्ल्स कुजूर, एसजे के कुशल नेतृत्व में यह दो दिवसीय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।













