रायपुर, 23 दिसंबर 2025। कर्तव्य पालन के दौरान असामयिक रूप से दिवंगत हुए पुलिस आरक्षक के परिवार को आर्थिक संबल देते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने मानवीय संवेदना का परिचय दिया है। छत्तीसगढ़ के जिला पुलिस बल दुर्ग में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 776 विक्रम सिंह के सड़क दुर्घटना में निधन के बाद उनकी नामिनी माता को 1 करोड़ रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई।
सोमवार को दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक रूपक मंडल (सेक्टर-01, भिलाई) तथा एसबीआई शाखा आदर्श नगर, दुर्ग की शाखा प्रबंधक श्रीमती विनिता कोसरिया की उपस्थिति में दिवंगत आरक्षक की माताजी श्रीमती सरोज ठाकुर को 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया।
उल्लेखनीय है कि आरक्षक विक्रम सिंह का 4 मई 2025 को एक सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया था। पुलिस विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत किए गए एमओयू के तहत यह बीमा लाभ प्रदान किया गया। इस पैकेज के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु, स्थायी पूर्ण विकलांगता अथवा स्थायी आंशिक विकलांगता की स्थिति में अलग-अलग निर्धारित राशि देने का प्रावधान है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मियों की सेवा और बलिदान को देखते हुए ऐसे सुरक्षा प्रावधान उनके परिवारों के लिए बड़ा सहारा बनते हैं। एसबीआई द्वारा दिया गया यह सहयोग न केवल आर्थिक मदद है, बल्कि दिवंगत आरक्षक के प्रति सम्मान और संवेदना का प्रतीक भी है।













