रायपुर, 23 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के परिसर में तीसरे वार्षिक समारोह ‘कल्पदक्ष’ का भव्य आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर तथा विशिष्ट अतिथि रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ‘जोहर की कहानी’ नृत्य नाटिका, वेस्टर्न बनाम क्लासिकल बैटल, डीडब्ल्यूपीएस सर्कस डांस, जंगल थीम डांस और भांगड़ा डांस ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। स्कूल के म्यूजिक कोयर ने अपने मधुर गीतों और संगीत से समूचे वातावरण को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नरसिंह डांस और कांतारा डांस रहा, जिसे दर्शकों से भरपूर सराहना मिली।
समारोह की शुरुआत में श्रीमती भवानी राव ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य विनोद पांडे ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक, खेलकूद तथा सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में छात्रों की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और स्टाफ के सामूहिक प्रयासों पर विश्वास जताते हुए कहा कि सत्यनिष्ठा और निरंतर विकास के साथ आने वाले वर्षों में विद्यालय नई ऊंचाइयों को छुएगा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के अध्यक्ष विनय चंद्राकर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रेरणा एजुकेशनल सोसाइटी के अध्यक्ष प्रवीण चंद्राकर, कोषाध्यक्ष राकेश चंद्राकर, निदेशक श्रीमती अपर्णा चंद्राकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक और शिक्षक उपस्थित रहे।













