• Home
  • यूपी
  • लखनऊ में असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने आईआरएस गौरव गर्ग को पीटा
लखनऊ में असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने आईआरएस गौरव गर्ग को पीटा

लखनऊ में असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने आईआरएस गौरव गर्ग को पीटा

लखनऊ, 29 मई 2025। यूपी की राजधानी लखनऊ में आज इनकम टैक्स के दफ्तर में महाभारत हो गया। बैठक के बीच ही आईआरएस गौरव गर्ग को असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने पीट दिया। इस घटना को लेकर हड़कंप मचा हुआ है।

बता दें हजरतगंज के नरही स्थित इनकम टैक्स के दफ्तर में तृतीय तल पर आईआरएस के केबिन में बैठक चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्र ने पानी का गिलास उठाकर गौरव गर्ग पर हमला कर दिया। इसके बाद बवाल बढ़ गया।

बंद केबिन में दोनों अफसरों में मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि गौरव गर्ग के नाक से खून बहने लगा। मामला गंभीर देख पुलिस उन्हें एंबुलेंस से सिविल अस्पताल ले गई, जहां उनका इलाज चल रहा है।

गौरव गर्ग आईपीएस रवीना त्यागी के पति हैं। रवीना यहां डीसीपी मध्य के पद पर तैनात रही हैं। दो अधिकारियों के बीच हुए विवाद के बाद महकमे में चर्चा तेज हो गई है। इनकम टैक्स दफ्तर में तनाव का माहौल है। किसी को भी कर्मचारियों ने भीतर नहीं जाने दिया। यही नहीं, पुलिस भी पूरे मामले में कुछ भी बोलने से कतरा रही है।

उधर, अस्पताल पहुंचे गौरव गर्ग ने डॉक्टरों से कान में सनसनाहट, दाएं पैर के घुटने में चोट और चक्कर आने की शिकायत की। इसके बाद उन्हें भर्ती किया गया। डॉक्टर गौरव गर्ग का इलाज कर रहे हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर है।

योगेंद्र मिश्रा पहले से चल रहे थे नाराज

सूत्रो के मुताबिक मार्च माह में राजधानी में आईआरएस अधिकारियों का क्रिकेट टूर्नामेंट कराया गया था, जहां योगेंद्र मिश्रा ने टीम में शामिल नहीं करने पर जमकर हंगामा किया था। वह पिच पर ही बैठ कर अधिकारियों को भला-बुरा कहने लगे थे। साथ ही अधिकारियों को अपने परिवार में कई ब्यूरोक्रेट्स और जज होने की धमकी दे रहे थे।

वह आयकर विभाग के कई अन्य अधिकारियों पर भी इस तरह दबाव बनाते थे। इसकी शिकायतें होने पर उनके खिलाफ उच्चस्तरीय जांच शुरू की गई थी। इसी जांच को प्रभावित करने के उद्देश्य से योगेंद्र मिश्रा ने असिस्टेंट कमिश्नर गौरव गर्ग पर मुख्य आयकर आयुक्त के सामने हमला कर दिया। योगेंद्र की पत्नी एआरटीओ के पद पर तैनात हैं।