बालकोनगर, 17 नवंबर 2025। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने कर्मचारियों की आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी द्वारा निर्मित किए जाने वाले जी-9 मंजिला आधुनिक आवासीय भवन परियोजना का शिलान्यास छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया।
बालकोनगर सेक्टर-6 में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार, कोरबा की महापौर सुश्री मंजू देवी राजपूत, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में बालको के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक शामिल हुए। प्रस्तावित 9 मंजिला भवन में आधुनिक डिजाइन, उच्च सुरक्षा मानक, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था तथा सामुदायिक उपयोग की सुविधाएं शामिल होंगी। यह परियोजना क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने और आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नई मिसाल स्थापित करेगी।

















