• Home
  • छत्तीसगढ़
  • छत्तीसगढ़ में बैंक ग्राहकों को नहीं दे रहे आरबीआई की ब्याज दर कटौती का लाभ
छत्तीसगढ़ में बैंक ग्राहकों को नहीं दे रहे आरबीआई की ब्याज दर कटौती का लाभ

छत्तीसगढ़ में बैंक ग्राहकों को नहीं दे रहे आरबीआई की ब्याज दर कटौती का लाभ

रायपुर, 27 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ में बैंक ग्राहकों को आरबीआई की ब्याज दर कटौती का लाभ नहीं दे रहे हैं। इस मामले को कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने 27 अगस्त को प्रतिनिधिमंडल के साथ छत्तीसगढ़ के वित्तमंत्री ओपी चौधरी से मुलाकात की और उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। अमर पारवानी ने वित्त मंत्री श्री चौधरी से आरबीआई की ब्याज दर कटौती का लाभ व्यापार एवं उद्योग वर्ग तक त्वरित पहुंचाने का अनुरोध किया।

अमर पारवानी ने बताया कि भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा पिछले कुछ महीनों में रेपो रेट में कुल 1 प्रतिशत (100 बेसिस पांइट) की कमी की गई है। रेपा रेट में क्रमशः 0.25 प्रतिशत, 0.25 प्रतिशत एवं 0.50 प्रतिशत की कमी की गई है। इन कदमों का उद्देश्य ऋण लेने की लागत को कम करना था। किन्तु बैंकों ने अब तक इन लाभों को व्यापार एवं उद्योग को ब्याज दरों में कटौती के रूप में पूर्ण लाभ प्रदान नहीं किया है।

श्री पारवानी ने आगे कहा कि नकद आरक्षित अनुपात में 1 प्रतिशत की कमी से बैंकिंग प्रणाली में लगभग 2.50 लाख करोड़ की अतिरिक्त तरलता आई है। जिसके फलस्वरूप बैंक को कोष की लागत में भी कमी आई है। इसका उदेद्श्य देश की जीडीपी में ग्रोथ की सोच के साथ किया गया था। जिसका पूर्ण लाभ व्यापार एवं उद्योग को बैंक द्वारा नहीं दिया गया है। इस तरलता का लाभ भी व्यापार एवं उद्योग तक पहुंचना चाहिए था, किंतु ऋण ब्याज दरों में इसका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने भी पूर्व में बैंकों के साथ हुई बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि नकद आरक्षित अनुपात की दर में कटौती का लाभ शीघ्रता से उद्योग एवं व्यापार जगत तक पहुंचाया जाए, किंतु वर्तमान स्थिति में यह राहत धरातल पर पर्याप्त रूप से दिखाई नहीं दे रही है।

कैट ने श्री चौधरी से अनुरोध किया कि राज्य के बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों को पुनः स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं कि वे नकद आरक्षित अनुपात की दर कटौती का लाभ बिना विलंब के व्यापार एवं उद्योग वर्ग तक पहुंचाएं। मंत्री श्री चौधरी ने कैट प्रतिनिधी मंडल को सकरात्मक आश्वासन दिया है।

प्रतिनिधी मंडल में प्रदेश चेयरमेन मगेलाल मालू, प्रदेश चेयरमेन विक्रम सिंहदेव, प्रदेश एक्जीक्यूटिव चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, शंकर बजाज, रतनदीप सिंह, नागेन्द्र कुमार तिवारी एवं रौनक पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।