छत्तीसगढ़

हर तरफ बीसी सखी जमुना बघेल के चर्चे, राज्य स्तर पर मिला सम्मान

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 25, 2025
1 min read • 1.2k views
बीसी सखी जमुना बघेल

रायपुर, 25 नवम्बर 2025। छत्तीसगढ़ में बीसी सखी श्रीमती जमुना बघेल को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनकी कार्यशैली की उत्कृष्टता पर दिया गया। 24 नवंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन संचालक अश्विनी देवांगन ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

जमुना बघेल बस्तर के सुदूर तोकापाल विकासखंड के ग्राम पोटानार में बीसी सखी के रुप में काम कर रही हैं। श्रीमती बघेल देउरगांव, पोटानार और रान सरगीपाल ग्राम पंचायतों में बीसी सखी के रूप में कार्यरत हैं और इन क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन की महत्वपूर्ण कड़ी बन चुकी हैं। उन्हें पिछले पांच माह में सर्वाधिक बैंकिंग लेनदेन करने के लिए यह सम्मान प्राप्त हुआ है। इस अवधि में उन्होंने 16 लाख 58 हजार 928 रुपये के लेनदेन सफलतापूर्वक संपादित किए।

श्रीमती जमुना बघेल की सेवाएं केवल बैंकिंग तक सीमित नहीं हैं। वे ग्रामीणों के लिए घर-घर जाकर नकद जमा, निकासी, नए खाते खोलने, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड आदि से जुड़े दस्तावेज़ तैयार कराने में सहायता प्रदान करती हैं। साथ ही, बिजली बिल भुगतान, मोबाइल एवं टीवी रिचार्ज तथा मनी ट्रांसफर जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराती हैं। इन सेवाओं ने दूरस्थ गांवों के अनेक परिवारों को नियमित बैंक शाखा पर निर्भर रहे बिना आवश्यक सुविधाएँ घर पर ही प्राप्त करने में सक्षम बनाया है।

उनके कार्य का सबसे मानवीय पक्ष यह है कि वह बीमार व्यक्तियों, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों तक स्वयं पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं को पूरा करती हैं। कोरोना महामारी के कठिन समय में भी उन्होंने बिना रुके अपनी सेवाएं जारी रखीं, जो उनके समर्पण का प्रमाण है।

श्रीमती जमुना ने बताया कि वे 2017 से बिहान समूह से जुड़ी हैं और 2022 से बीसी सखी के रूप में सेवाएं दे रही हैं। पहले उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर थी, लेकिन बीसी सखी के रूप में कार्य करते हुए आज वे प्रतिमाह 10 से 15 हजार रुपये तक कमीशन अर्जित कर पा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहान से जुड़ने के बाद उनकी पहचान बढ़ी है और समाज में सम्मान भी मिला है। ग्राहकों से उनके आत्मीय व्यवहार ने भी उनके कार्य को सहज और प्रभावी बनाया है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।