रायपुर, 29 जून 2025। भारतीय रेल मंत्रालय ने ‘देखो अपना देश’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की पर्यटन अवधारणाओं को बढ़ावा देने के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) द्वारा संचालित यह विशेष ट्रेन 27 जुलाई 2025 को भागलपुर से रवाना होगी और जसीडीह, मधुपुर, सुजतपुर, बराकार, धनबाद, बोकारो स्टील सिटी, मुरी, रांची, राउरकेला, चांपा, बिलासपुर, रायपुर, और दुर्ग स्टेशनों से होते हुए यात्रियों को तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम (ज्योतिर्लिंग), मदुरै, कन्याकुमारी, और मल्लिकार्जुन (ज्योतिर्लिंग) की सैर कराएगी।
रायपुर प्रेस क्लब में पहुंचे आईआरसीटीसी के संयुक्त महाप्रबंधक एस जेराल्ड सोरेंग ने बताया कि यह 11 रात और 12 दिन की यात्रा 7 अगस्त 2025 को समाप्त होगी। यात्रा का किराया एसएल इकॉनोमी श्रेणी के लिए 22,760 रुपये और 3एसी स्टैंडर्ड श्रेणी के लिए 39,990 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। इस सर्वसमावेशी पैकेज में आरामदायक रेल यात्रा (एलएचबी रेक), ऑनबोर्ड और ऑफ-बोर्ड भोजन, गुणवत्तायुक्त बसों में दर्शनीय स्थलों की सैर, आवास, ट्रैवल एस्कॉर्ट, यात्रा बीमा, ऑनबोर्ड सुरक्षा और हाउसकीपिंग सेवाएं शामिल हैं। कोविड नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
यह ट्रेन भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को देशी-विदेशी पर्यटकों तक पहुंचाने का एक अनूठा प्रयास है। बुकिंग और विस्तृत जानकारी के लिए यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com, कोलकाता के कार्यालय (41, शेक्सपियर सरणी, डकबैंक हाउस, पंचम तल) या अधिकृत एजेंटों से संपर्क कर सकते हैं। यह यात्रा पर्यटकों को भारत की विविधता और आध्यात्मिकता का अनुभव कराने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करती है।













