• Home
  • फिल्म
  • महाकाली से धूम मचाने आ रहीं भूमि शेट्‌टी
भूमि शेट्‌टी

महाकाली से धूम मचाने आ रहीं भूमि शेट्‌टी

मुंबई, 31 अक्टूबर 2025। कर्नाटक की अभिनेत्री भूमि शेट्‌टी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वे महाकाली की भूमिका से धूम मचाने आ रहीं हैं। वह तेलुगु सिनेमा के उभरते निर्देशक प्रशांत वर्मा की नई महत्वाकांक्षी परियोजना ‘महाकाली’ का हिस्सा होंगी। यह फिल्म भारतीय माइथोलॉजी पर आधारित पहली महिला सुपरहीरो कहानी है, जिसमें मुख्य भूमिका कर्नाटक की अभिनेत्री भूमि शेट्‌टी निभा रही हैं।

निर्माताओं ने पहले शुक्राचार्य के रोल में अक्षय खन्ना की झलक दिखाई थी, और अब नायिका भूमि के चेहरे से पर्दा हटा दिया है। सोशल मीडिया पर रिलीज हुआ पोस्टर वायरल हो रहा है, जिसमें भूमि देवी महाकाली के अवतार में दमदार नजर आ रही हैं।

भूमि शेट्‌टी का असली नाम भूमिका शेट्‌टी है। वह कर्नाटक के करावली क्षेत्र में स्थित कुंडापुरा की रहने वाली हैं। पेशे से अभिनेत्री भूमि ने अपना करियर छोटे पर्दे से शुरू किया था। उन्हें तेलुगु सीरीज ‘निन्ने पेल्लादथा’ में मुख्य भूमिका के लिए जाना जाता है, जहां उनकी अदायगी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके अलावा कन्नड़ सीरीज ‘किन्नारी’ में भी उन्होंने अपनी छाप छोड़ी।

साल 2021 में कन्नड़ फिल्म ‘इक्कत’ से उन्होंने बड़े पर्दे पर डेब्यू किया, जो पैंडेमिक के दौरान रिलीज हुई और सराहना बटोरी। आखिरी बार वह विजय देवरकोंडा की ब्लॉकबस्टर ‘किंगडम’ में महत्वपूर्ण रोल में नजर आईं, जहां उनकी परफॉर्मेंस को क्रिटिक्स ने पसंद किया।भूमि की लोकप्रियता का एक बड़ा कारण रियलिटी शो भी है। वह ‘बिग बॉस कन्नड़’ की प्रतियोगी रह चुकी हैं, जहां उनकी सादगी और मजबूत पर्सनैलिटी ने फैंस बनाए।

अब ‘महाकाली’ के साथ वह पैन-इंडिया लेवल पर पहचान बनाने जा रही हैं। निर्देशक प्रशांत वर्मा ने फिल्म के अपडेट में बताया कि यह कहानी बंगाल की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी, जहां महाकाली की शक्तियां और माइथोलॉजिकल तत्वों को आधुनिक सुपरहीरो स्टाइल में पेश किया जाएगा। “यह फिल्म महिलाओं की शक्ति का प्रतीक है। भूमि परफेक्ट चॉइस हैं, क्योंकि उनकी आंखों में वह दिव्य ऊर्जा है, प्रशांत ने कहा।फिल्म की शूटिंग फिलहाल हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में जोरों पर चल रही है।

प्रशांत ने खुद स्क्रीनप्ले और कहानी लिखी है, जो उनकी सिग्नेचर स्टाइल को दर्शाती है। ‘हनुमान’ की तरह यहां भी विजुअल इफेक्ट्स और एक्शन सीक्वेंस पर खास ध्यान दिया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, फिल्म में महाकाली की उत्पत्ति, उसके संघर्ष और दानवों से जंग को रोचक तरीके से दिखाया जाएगा। अक्षय खन्ना शुक्राचार्य के नेगेटिव शेड्स वाले किरदार में हैं, जो कहानी में ट्विस्ट लाएंगे।’महाकाली’ को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में डब करके रिलीज किया जाएगा, ताकि यह पूरे दक्षिण भारत और उत्तर भारत में पहुंच सके।

प्रशांत की पिछली फिल्मों की तरह यह भी मल्टी-लिंग्वल प्रोजेक्ट है। हालांकि, फिल्म के अन्य कलाकारों की घोषणा अभी बाकी है। रिलीज डेट का भी खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन अनुमान है कि 2026 की गर्मियों में यह सिनेमाघरों में दस्तक देगी।प्रशांत वर्मा की यह फिल्म भारतीय सिनेमा में महिला सुपरहीरो की कमी को पूरा करने वाली है। ‘हनुमान’ ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया था, और ‘महाकाली’ से भी वैसी ही उम्मीदें हैं।

भूमि शेट्‌टी के फैंस उत्साहित हैं, और सोशल मीडिया पर Mahakali First Look ट्रेंड कर रहा है। यह फिल्म न सिर्फ एंटरटेनमेंट देगी, बल्कि माइथोलॉजी को नई पीढ़ी से जोड़ेगी। देखना दिलचस्प होगा कि प्रशांत की यह जादूगरी कितना कमाल दिखाती है।