प्रतापगढ़, 5 फरवरी 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में दबंगों ने पड़ोसी की भूमि को कब्जा करने जबरिया दरवाजा खोल लिया। इसका विरोध करने पर पड़ोसी युवक प्रदीप यादव की पिटाई कर दी। डायल 112 की पुलिस पहुंची तो दबंगों ने उनके साथ भी अभद्रता की। पुलिसकर्मियों ने इसका वीडियो भी तैयार किया है।
मामला कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार का है। यहां अशोक कुमार और प्रदीप कुमार का परिवार पड़ोसी है। दोनों के घर की दीवार एक दूसरे से सटी है। प्रदीप कुमार के मकान के आगे के हिस्से में कुछ जगह खाली पड़ी है जिस पर अशोक कुमार के परिवार की नजर जबरिया कब्जा करने की है।
बुधवार को अशोक कुमार और उनके परिवार के लोगों ने प्रदीप कुमार के हिस्से की तरफ अपनी पुरानी दीवार तोड़कर दरवाजा खोलना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होने पर प्रदीप कुमार रोकने पहुंचे तो अशोक कुमार के पक्ष के लोगों ने उनकी सरेआम बुरी तरह से पिटाई कर दी।
डायल 112 पर इसकी जानकारी पुलिस को दी गयी तो पुलिस टीम पहुंची। इसके बाद भी अशोक कुमार के पक्ष के लोग नहीं माने और दरवाजे को खोलना जारी रखा। पुलिस टीम असहाय होकर पिटाई से घायल प्रदीप कुमार को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर गयी। वहां से गंभीर हालत में प्रदीप कुमार को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। पुलिस के उच्चाधिकारी मामले की छानबीन कर रहे हैं।