रायपुर, 18 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सालेम इंग्लिश स्कूल में वार्षिक सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार 18 जुलाई 2026 को उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रोफेट नवीन मसीह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ उनकी प्रार्थना से हुआ, जिसके बाद छत्तीसगढ़ डायोसिस के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक वेलकम डांस और विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ डायोसिस के पदाधिकारियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया गया।
समारोह में राइट रेव्ह. श्रीमती सुषमा कुमार (बिशप, डायोसिस आफ छत्तीसगढ़ एवं चेयरमैन, सीडीबीई), रेव्ह. सुबोध कुमार, नितिन लॉरेंस (वाइस चेयरमैन, सीडीबीई एवं सचिव, डायोसिस आफ छत्तीसगढ़), जयदीप रॉबिन्सन (सचिव, सीडीबीई), श्रीमती रूचि धर्मराज (सेक्रेटरी, सेंट पॉल्स कैथेड्रल, रायपुर) तथा वरिष्ठ पत्रकार जॉन राजेश पॉल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में श्री नारायणा हॉस्पिटल के जनरल मैनेजर अतुल सिंघानिया भी समारोह में शामिल हुए। उनके साथ कई अन्य पूर्व विद्यार्थियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। समारोह का संचालन शिक्षिका श्रीमती महिमा पॉल एवं शिक्षक शालोम बनशियार ने किया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रूपिका लॉरेंस ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उनकी अध्यक्षता में आयोजित यह समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
