रायपुर, 19 जून 2025। छत्तीसगढ़ी सिनेमा को एक नया संगीतात्मक अध्याय मिलने जा रहा है, और इसकी बागडोर संभाली है मशहूर संगीतकार बबला बागची ने, जिन्होंने अब निर्देशक की कुर्सी संभाल ली है। सुपरहिट फिल्म मोर छैया भुइंयां के अमर संगीत रचयिता बबला बागची अब निर्देशक के रूप में संगी रे लहुट के आजा लेकर आये हैं। एक ऐसी फिल्म, जो न सिर्फ सुरों की दुनिया में डूबे प्रेम की कहानी कहती है, बल्कि छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक नई शुरुआत का संकेत भी देती है।
निर्माता सुशील गर्ग के सहयोग से बन रही यह फिल्म छत्तीसगढ़ की पहली संगीत-प्रधान फिल्म कही जा रही है। इसकी कहानी दो गायक दिलों के बीच उपजे प्यार, उनके सपनों और संघर्षों की सुरमयी दास्तां को बुनती है। निर्देशक बाबला बागची के लिए यह फिल्म केवल एक डेब्यू नहीं, बल्कि उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसी जुनून को परदे पर साकार करने में जुटी है एक जबरदस्त स्टारकास्ट।
कौन हैं हीरो हिरोइन
फिल्म के हीरो हैं नवोदित कलाकार प्रतीक, जो इस फिल्म के साथ अपने फिल्मी सफर की शुरुआत कर रहे हैं। उनके साथ नायिका बनी हैं छत्तीसगढ़ी सिनेमा की प्रसिद्ध अदाकारा सिल्की गुहा, जिनका ग्लैमर और अभिनय दर्शकों को बांधे रखेगा। बबला बागची का मानना है कि प्रतीक का यह पहला कदम उन्हें आगे चलकर छत्तीसगढ़ी फिल्मों का चमकता सितारा बना देगा।
फिल्म में सबसे बड़ा सरप्राइज है बबला बागची के फिल्मी गुरु और छत्तीसगढ़ी सिनेमा के सुपर डायरेक्टर सतीश जैन का दमदार अभिनय। इस बार वह कैमरे के पीछे नहीं, बल्कि सामने होंगे और अपनी अदाकारी से दर्शकों को चौंकाएंगे।
साथ ही, फिल्म को मजबूत बनाते हैं छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने चेहरे प्रकाश अवस्थी, शिखा चितांबरे, पुष्पेंद्र सिंह, योगेश अग्रवाल, सिग्मा उपाध्याय, हेमलाल कौशल और धर्मेंद्र अहिरवार, जो अलग-अलग किरदारों में अपनी छाप छोड़ेंगे।
फिल्म की तकनीकी टीम भी उतनी ही शानदार है। कैमरा संभाल रहे हैं दिनेश ठक्कर, संपादन कर रहे हैं पूरन किरी, क्रिएटिव हेड हैं शुशांत शर्मा, और फिल्म के डी.आई. विशेषज्ञ हैं नितेश झा।
हर फ्रेम में संगीत, हर सीन में इमोशन और हर किरदार में जुनून भर देने वाली इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। संगी रे लहुट के आजा 20 जून 2025 को राजनांदगांव समेत पूरे प्रदेश के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, और उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म छत्तीसगढ़ी सिनेमा को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाएगी।













