नई दिल्ली, 12 सितंबर 2025। नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के शपथ समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी नजर आये। यह पहला मौका था जब इस्तीफा देने के बाद वह सार्वजनिक रुप से नजर आये। इससे पहले विपक्ष लगातार जगदीप धनखड़ कहां हैं, कहकर मोदी सरकार पर निशाना साधता रहा।
कार्यक्रम में धनखड़, सीपी राधाकृष्णन के करीब अतिथियों वाली पहली पंक्ति में बैठे। इस दौरान वे पहले जैसे ही हंसते मुस्कुराते और ताली बजाते हुए दिखे। उन्होंने अपने पहले वाले अंदाज में ही सीपी राधाकृष्णन से मिलकर उन्हें बधाई और शुभकामना दी और हंसी मजाक भी किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए। पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और वेंकैया नायडू भी समारोह में मौजूद थे।
















