प्रयागराज, 23 सितंबर 2025। प्रयागराज में 22 सितंबर की मध्य रात्रि गांव वालों ने एक आशिक की इस कदर पिटाई कर दी कि उसकी मौत हो गयी। घटना की जानकारी दूसरे दिन यानि 23 सितंबर की सुबह हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक घूरपुर थाना क्षेत्र के पहलू का पूरा करमा गांव निवासी सालिकराम पटेल का 25 वर्षीय पुत्र दिवाकर पटेल अविवाहित था। वह लोडर चलाने का काम करता था। उसका प्रेम प्रसंग अपने ननिहाल करछना थाना क्षेत्र के भटेवरा गांव के बगल के गांव की एक विवाहिता से चल रहा था।
वह अक्सर उससे मिलने जाया करता था। 22 सितंबर को उसकी आशिकी इस कदर परवान चढ़ी कि वह मध्य रात्रि प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंच गया। इन दिनों गांव में चोरी होने की बढ़ी घटनाओं के चलते लोग जाग रहे थे। उन लोगों ने मध्य रात्रि में दिवाकर को उसके प्रेमिका के साथ देख लिया।
इसके बाद गांव के लोगों ने इसकी जानकारी दिवाकर की प्रेमिका के पति को भी दे दी। फिर क्या था गांव के लोगों ने पति के साथ मिलकर दिवाकर की इस कदर पिटाई किया कि उसकी मौत हो गयी।
घटना की जानकारी होने पर 23 सितंबर की सुबह करछना थाने के इंस्पेक्टर अनूप सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते दिवाकर की हत्या की गयी है। दिवाकर का मोबाइल नंबर उसकी प्रेमिका के मोबाइल में पाया गया है। पुलिस इस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।















