रायपुर, 11 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालय पेंशनर्स कल्याण समिति की बैठक मंगलवार को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के मूर्ति चौक में आयोजित हुई। समिति अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र एवं सचिव शिरीष त्रिवेदी ने सदस्यों को सातवें वेतनमान के पेंशन आदेश जारी कराने तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों की रुकी ग्रेच्युटी व एरियर्स राशि के लिए किए प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में उच्च न्यायालय के निर्देश पर डॉ. शैलेंद्र कुमार पटेल के पुन: कुलसचिव पद पर नियुक्ति होने पर समिति ने हर्ष जताया। अध्यक्ष व सदस्यों ने कुलसचिव से मिलकर बुके भेंट किया एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। डॉ. पटेल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, आज श्री ठाकुर का जन्मदिन और मेरा जॉइनिंग दिवस एक साथ है, यह हम सबके लिए शुभ संयोग है।
संयोगवश, समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष श्रवण सिंह ठाकुर का भी जन्मदिन था। सदस्यों ने स्वल्पाहार कराकर उत्साहपूर्वक मनाया। श्री ठाकुर ने कहा, 22 वर्षों तक संस्था, समिति व संघ के विभिन्न पदों पर बेदाग सेवा निभाने के बाद सेवानिवृत्ति के पश्चात यह मेरा पहला जन्मदिन है, जिसे हर्षोल्लास से मना रहा हूं। वे अभी विश्वविद्यालय कर्मचारी साख सहकारी समिति के वरिष्ठ संचालक एवं आस्था पब्लिक स्कूल के संरक्षक हैं।
सचिव शिरीष त्रिवेदी ने बैठक की सफलता के लिए उपस्थित सदस्यों डॉ. भेख लाल सोनेकर, डॉ. हेमंत शर्मा, प्रदीप मिश्र, राकेश शुक्ल, सुरेंद्र वर्मा, विष्णु राम वर्मा, महेश सिंह ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष सुनील नामदेव, श्रवण ठाकुर, सचिव संदीप खर्गवंशी, लक्ष्मी नारायण तिवारी, गणेश राम यादव, सोनसाय ठाकुर, प्रकाश ठाकुर, हरीश पांडे, अलख राम साहू, माखन गुप्ता आदि का आभार व्यक्त किया।













