• Home
  • छत्तीसगढ़
  • छत्तीसगढ़ में ईपीएफओ ने दुर्ग, किरदुंल और कोरबा में खोले नए सेवा केंद्र
छत्तीसगढ़ में ईपीएफओ ने दुर्ग, किरदुंल और कोरबा में खोले नए सेवा केंद्र

छत्तीसगढ़ में ईपीएफओ ने दुर्ग, किरदुंल और कोरबा में खोले नए सेवा केंद्र

रायपुर, 12 अगस्त 2025। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग, किरंदुल और कोरबा में नए सेवा केंद्रों का मंगलवार को शुभारंभ किया। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त वी. रंगनाथ ने नियोक्ताओं को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नियोक्ताओं के सवालों के जवाब देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान भी किया।

कार्यक्रम में उरला उद्योग संघ के अध्यक्ष अश्विन गर्ग, छत्तीसगढ़ उद्योग संघ के अध्यक्ष महेश कक्कड़, कन्फेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स, चेंबर आफ कॉमर्स, कर्मचारी संघों और यूनियनों के प्रतिनिधियों सहित अनेक प्रतिभागी मौजूद थे।

क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के प्रभारी अधिकारी जयवदन इंगले, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 गौरव डोगरा और क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 देवाशीष चांद सहित वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। श्री रंगनाथ ने बताया कि योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले और यूएएन जनरेट कराने वाले कर्मचारियों को 6-6 माह के अंतराल में दो किश्तों में अधिकतम 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

वहीं, नियोक्ताओं को नए रोजगार सृजन पर प्रति कर्मचारी अधिकतम 3,000 रुपये की राशि दी जाएगी। यह योजना 1 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 तक लागू रहेगी, जबकि विनिर्माण क्षेत्र के लिए अवधि 31 जुलाई 2029 तक बढ़ाई गई है।

तत्पर पोर्टल पर देनी हो गी आकस्मिक मृत्यु की जानकारी

उन्होंने तत्पर पोर्टल 2.0 की विशेषताओं पर भी प्रकाश डाला। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म मृत कर्मचारियों के परिजनों को भविष्य निधि, पेंशन और ईडीएलआई बीमा राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में परिजनों को त्वरित आर्थिक सहायता मिल सके। कार्यक्रम के अंत में जयवदन इंगले ने नियोक्ताओं, पेंशनरों और भविष्य निधि सदस्यों से अपील की कि किसी भी सदस्य की आकस्मिक मृत्यु की सूचना तत्काल तत्पर पोर्टल 2.0 पर दर्ज कराएं, जिससे समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।