• Home
  • खेल
  • धर्माचार्य ने रामानुज आश्रम पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया नमन
धर्माचार्य ने रामानुज आश्रम पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया नमन

धर्माचार्य ने रामानुज आश्रम पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया नमन

प्रतापगढ़, 26 जनवरी 2025। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रतापगढ़ स्थित रामानुज आश्रम में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित संघ एवं लोकतंत्र रक्षक सेनानी आश्रित संघ के अध्यक्ष धर्माचार्य ओम प्रकाश पांडे अनिरुद्ध रामानुजदास ने झंडा फहराया।

धर्माचार्य ने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, हम नमन करते हैं उन महान राष्ट्रभक्तों को, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उनकी कुर्बानी और योगदान से ही आज हम एक स्वतंत्र और सशक्त भारत में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने देश की आजादी के लिए जेलों में जीवन बिताने वाले सेनानियों और वीरगति को प्राप्त होने वाले महापुरुषों को शत-शत नमन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने संविधान निर्माताओं का स्मरण किया और उनके योगदान को भी नमन किया। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ जी से राष्ट्र की समृद्धि, सुरक्षा, और शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा सदा भारत पर बनी रहे।

इस अवसर पर आश्रम में देशभक्ति के गीतों और नारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में हिस्सा लिया और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया।