प्रतापगढ़, 1 सितंबर 2025। आगरा में प्रतापगढ़ के चार युवक मेहताब हसन, रियाज अहमद, इमरान और जितेंद्र सिंह को पुलिस ने पकड़ा है। जितेंद्र सिंह के साथ उसका भांजा बादल सोलंकी भी पकड़ा गया है जो कासगंज का रहने वाला है। यह सभी आगरा में एटीएम से चोरी कर रहे थे। प्रतापगढ़ के पकड़े गये चारों युवक किस थाना क्षेत्र और गांव के रहने वाले हैं, इसका पता नहीं चल सका है।
पुलिस के मुताबिक इन शातिरों ने कुछ दिन पूर्व केनरा बैंक के एटीएम से छेड़छाड़ करके पांच ग्राहकों की रकम उड़ाई थी। आरोपित उसी एटीएम को निशाना बनाते थे जहां डाइबोल्ड कंपनी की मशीन लगी होती है।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि कमला नगर थाने में दो मुकदमे दर्ज हुए थे। इनमें केनरा बैंक की तरफ से आरोप लगाया गया कि 14 व 15 अगस्त को एटीएम से छेड़छाड़ करके ग्राहकों का कैश उड़ाया गया है। जांच में दो संदिग्ध युवक एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुए थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और सर्विलांस की मदद ली। चिन्हित कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से दो रिश्ते में मामा-भांजे हैं।
पुलिस ने इनके पास से एक कार, चार मोबाइल, 12110 रुपये, छह एटीएम कार्ड, दो सफेद प्लास्टिक की पट्टी, 9 काली प्लास्टिक की पट्टी, ईयरफोन जैक आदि सामान बरामद किया है। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि आमतौर पर एटीएम से रुपये निकालने के दौरान ग्राहक को कैश नहीं मिलने पर रुपया मशीन में वापस चला जाता है।
डाइबोल्ड कंपनी की मशीन में ऐसा नहीं होता। वे कैश निकासी वाली जगह मशीन का हुड खोलकर अंदर प्लास्टिक की पट्टी चिपका देते थे। जिससे कैश बाहर नहीं निकलता था।
ग्राहक यह सोचकर लौट जाता था कि मशीन में कैश नहीं होगा। ग्राहक के जाने के बाद वह पत्ती हटाकर कैश निकाल लिया करते थे। इस तरह उन्होंने पांच ग्राहकों के करीब 26 हजार रुपये उड़ाए थे।















