जेसीआई रायपुर ने रक्तदान अभियान चलाकर थैलेसीमिया पीड़ितों की मदद की

रायपुर, 2 अप्रैल 2026। देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को अनूठी श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से जेसीआई रायपुर संस्कार द्वारा शंकर नगर स्थित बिलासा ब्लड बैंक में 7 दिवसीय मेगा रक्तदान अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस मुहिम का मुख्य लक्ष्य युवाओं को राष्ट्र सेवा से जोड़ना और उन्हें समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराना है।

37वीं बार किया रक्तदान

अभियान के दौरान युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। गत दिवस 6 युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर इस पुनीत कार्य की शुरुआत की। वहीं, दूसरों के लिए मिसाल पेश करते हुए संस्था के सचिव अंकित दास मानिकपुरी ने स्वयं अपना 37वां रक्तदान किया। उनके इस समर्पण ने उपस्थित सभी लोगों को प्रेरित किया कि नियमित रक्तदान से न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि किसी का जीवन भी बचाया जा सकता है।

थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को मिलेगा जीवनदान

इस मेगा कैंप के माध्यम से एकत्रित किया गया रक्त विशेष रूप से थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों के लिए सुरक्षित किया जा रहा है। इन बच्चों को हर माह नियमित रूप से रक्त चढ़ाने की आवश्यकता होती है। संस्था द्वारा नई पीढ़ी को यह संदेश दिया जा रहा है कि उनका एक छोटा सा प्रयास इन बच्चों के जीवन में नई आशा का संचार कर सकता है।

रक्तवीर सम्मान की घोषणा

कार्यक्रम का सफल संचालन जेसी ममता सोनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष बरखा अंदानी ने बताया कि रक्तदान के प्रति जागरूकता केवल इस शिविर तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि जेसीआई रायपुर संस्कार इस अभियान को प्रतिवर्ष आयोजित करेगी। हमारी टीम जल्द ही विभिन्न महाविद्यालयों में जाकर युवाओं को जागरूक करेगी। साथ ही, साल के अंत में नियमित रक्तदाताओं को रक्तवीर की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।

मानव सेवा के इस महायज्ञ में जेसी सूरज हेड़ाऊ, जेसीआई एचजीएफ प्राची प्रेमानी, मोहन साहू, राकेश यादव सहित संस्था के अनेक समर्पित सदस्य उपस्थित रहे। यह अभियान न केवल शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट करने का माध्यम बना है, बल्कि रायपुर के युवाओं को एक सकारात्मक सामाजिक बदलाव की ओर अग्रसर कर रहा है।