गौरा (प्रतापगढ़)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सर्पदंश से 12 वर्षीय बालक कार्तिकेय यादव की मौत हो गयी। घटना विकास खंड गौरा के सुल्तानपुर गांव के हलाल का पुरवा मजरे की है। मिली जानकारी के मुताबिक हरिशंकर यादव की पत्नी अपने 12 वर्षीय बेटे कार्तिकेय के साथ शुक्रवार 15 अगस्त 2025 की रात सो रही थी।
बताते हैं कि रात में करीब 2 बजे के आसपास सर्प ने कार्तिकेय को डंस लिया। इसकी जानकारी हुई तो घर के लोग उसे फौरन लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गौरा पहुंचे, जहां चिकित्सक ने बालक को मृत घोषित कर दिया। शनिवार की सुबह गांव के लोग जुटे तो देखा कि जिस कमरे में मां-बेटे सोये हुए थे उसमें एक बिल है।
लोगों ने बिल में पानी भरा तो वह सांप निकलकर बाहर आ गया। इसके बाद गांव के लोगों ने संपेरे को बुलाकर सांप को उसे सौंप दिया। सर्पदंश से हुई बालक की मौत की घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।















