• Home
  • फिल्म
  • प्रतापगढ़ में फिल्म निर्माता मंजुल ठाकुर का सम्मान
Bhojpuri Film Director Manjul Thakur

प्रतापगढ़ में फिल्म निर्माता मंजुल ठाकुर का सम्मान

प्रतापगढ़, 9 मार्च 2026। भोजपुरी फिल्म जगत में अपनी एक अलग पहचान बना चुके दिग्गज निर्माता-निर्देशक मंजुल ठाकुर को जनपद प्रतापगढ़ के रखहा बाजार क्षेत्र में चल रही फिल्म की शूटिंग के दौरान सम्मानित किया गया। उन्हें यह गौरवशाली बेस्ट निर्माता-निर्देशक सम्मान शिवाला महोत्सव की ओर से प्रदान किया गया।

संक्षिप्त गरिमामयी कार्यक्रम में शिवाला महोत्सव के संयोजक शिवेश शुक्ल एडवोकेट ने मंजुल ठाकुर को सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें भोजपुरी सिनेमा के प्रति उनके समर्पण और प्रतापगढ़ की धरती को फिल्म निर्माण का हब बनाने के उनके प्रयासों के लिए दिया गया है।

मंजुल ठाकुर एक अनुभवी भारतीय फिल्म निर्माता हैं, जिन्होंने भोजपुरी फिल्म उद्योग को नई ऊंचाइयां दी हैं। उन्होंने बेल्हा की जमीन पर सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के साथ फिल्म ‘गोवर्धन’ की शूटिंग शुरू की थी। इसके बाद से यहां शूटिंग का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह आज भी जारी है।

अब तक मंजुल ठाकुर प्रतापगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में दर्जन भर से अधिक सुपरहिट भोजपुरी फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं। उनकी फिल्मों ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाई है, बल्कि क्षेत्रीय सिनेमा के स्तर को भी ऊंचा उठाया है।

प्रतापगढ़ में लगातार हो रही फिल्म शूटिंग का सबसे बड़ा लाभ यहां के स्थानीय कलाकारों को मिल रहा है। मंजुल ठाकुर के निर्देशन में बन रही फिल्मों के माध्यम से बेल्हा के युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्राप्त हो रहा है।

सम्मान पाकर भावुक हुए मंजुल ठाकुर

सम्मान ग्रहण करने के बाद निर्माता-निर्देशक मंजुल ठाकुर ने शिवाला महोत्सव और समस्त जनपदवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ की जनता का प्यार और यहां का नैसर्गिक परिवेश फिल्म निर्माण के लिए अत्यंत अनुकूल है।

इस अवसर पर फिल्म अभिनेता प्रेम दूबे, मुकेश दूबे, सूर्य प्रताप सिंह, रागिनी सिंह, भरत सिंह प्रधान सहित फिल्म यूनिट के तमाम सदस्य और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।