पोर्ट लुइस, 12 मई 2025। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मॉरीशस दौरा बुधवार 12 मार्च 2025 को खत्म हो गया। मॉरीशस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने देश का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया। साथ ही 8 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों का उद्देश्य व्यापार, समुद्री सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान भारतीय नौसेना का एक युद्धपोत और वायुसेना की आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
पीएम मोदी ने अपने मॉरीशस दौरे को लेकर ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा- ग्रैंड कमांडर आॅफ द आॅर्डर आॅफ द स्टार एंड की आफ द इंडियन ओशन से सम्मानित होने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं, और वह भी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस पर।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कई नई विकास परियोजनाओं की भी घोषणा की। जिसमें 100 किलोमीटर लंबी जल पाइपलाइन का आधुनिकीकरण, 500 मिलियन मॉरीशस रुपये की सामुदायिक विकास परियोजनाएं और मॉरीशस की नई संसद का निर्माण, जिसे भारत मॉरीशस को ‘लोकतंत्र की जननी’ की ओर से उपहार के रूप में देगा।
महत्वपूर्ण समझौते और घोषणाएं
- दोनों देश व्यापार के लिए अपनी-अपनी मुद्राओं का उपयोग करेंगे।
- समुद्री सुरक्षा और निगरानी के लिए संयुक्त प्रयास होंगे।
- धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) रोकने के लिए सहयोग किए जाएंगे।
- छोटे और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा।
- भारत मॉरीशस को कोस्ट गार्ड की जरूरतों के लिए हरसंभव मदद देगा।
- पुलिस अकादमी और समुद्री सूचना केंद्र की स्थापना करेंगे।
- भारत ने मॉरीशस की संप्रभुता का सम्मान करने की बात दोहराई।
- डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में सहयोग पर सहमति।