• Home
  • छत्तीसगढ़
  • रायपुर में एमएफ दीदी पहल लांच, महिलाएं आर्थिक रुप से होंगी आत्मनिर्भर
MF Didi initiative launched in Raipur

रायपुर में एमएफ दीदी पहल लांच, महिलाएं आर्थिक रुप से होंगी आत्मनिर्भर

रायपुर, 29 सितंबर 2025। महिलाओं में निवेश को बढ़ावा देने के लिए एमएफ दीदी पहल की लांचिंग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 29 सितंबर को की गई। द वेल्थ कंपनी म्यूचुअल फंड की संस्थापक, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री मधु लूणावत ने किया।

एमएफ दीदी पहल की लांचिंग से पहले मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने इस पहल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह भारत की पहली पूर्णत: निजी प्रायोजित पहल है, जो शिक्षित लेकिन आर्थिक रूप से निष्क्रिय महिलाओं को प्रशिक्षित, प्रमाणित और सशक्त बनाकर म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखती है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एमएफ दीदी के रुप में चयनित महिलाओं को प्रशिक्षण देने के लिए रायपुर में कार्यालय की स्थापना की जा रही है। एमएफ दीदी की तर्ज पर ही एमएफ दोस्त के लिए भी पहल शुरू की जाएगी, जिसमें उत्साही युवकों को शामिलकर उन्हें आर्थिक रुप से संपन्न बनाया जाएगा।

एमएफ दीदी यानि म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर इन देसी इंडिया का उद्देश्य अगले तीन वर्षों में 5,000 महिलाओं को जोड़ना है, जो पहले से ही 1,000 से अधिक प्रतिभागियों को शामिल कर चुकी है। यह पहल राष्ट्रीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (एनआईएसएम) के प्रमाणीकरण मानकों के अनुरूप है, जिसमें म्यूचुअल फंड के मूल सिद्धांतों, चक्रवृद्धि ब्याज की अवधारणा, निवेशक जागरूकता और नैतिक वितरण प्रथाओं पर प्रशिक्षण दिया जाता है।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये महिलाएं किसी भी म्यूचुअल फंड योजना बेच सकती हैं, जिससे उनकी आय की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि यह छत्तीसगढ़ में वित्तीय समावेशन की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो रहा है, जहां टियर-2 और टियर-3 शहरों की महिलाओं को म्यूचुअल फंड वितरकों के रूप में सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

मधु लूणावत पहली महिला म्यूचुअल फंड संस्थापक

सुश्री मधु लूणावत, भारत की पहली महिला म्यूचुअल फंड संस्थापक हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ आज परंपरागत बचत की सोच से आगे बढ़कर डिजिटल निवेश, अनुशासित संपत्ति निर्माण और समावेशी वित्तीय विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। यहां की युवा शक्ति और महिलाओं में संपत्ति संरक्षण और वृद्धि की अपार क्षमता निहित है। द वेल्थ कंपनी म्यूचुअल फंड का मिशन है कि निवेश को हर रायपुर परिवार के लिए सहज, विश्वसनीय और सुलभ बनाया जाए। नवीन योजनाओं, डिजिटल आॅनबोर्डिंग और ‘एमएफ दीदी’ जैसी पहलों से हम रायपुर को म्यूचुअल फंड ग्रोथ सेंटर के रूप में उभरने की गति प्रदान करना चाहते हैं।