सात दिन तो दो करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया
महाकुंभनगर, 22 फरवरी 2025। प्रयागराज में चले रहे महाकुंभ मेले की अवधि अभी चार दिन शेष है। इसके पहले ही पवित्र गंगा में डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 60 करोड़ पार हो गयी है। शनिवार 22 फरवरी को भी संगम पर आस्था हिलोर मारती दिखी। हर मार्ग पर श्रद्धालुओं का रेला नजर आ रहा है। आस्था के जनज्वार का अनुमान इससे ही लगाया जा सकता है कि दिन में 12 बजे तक ही 71 लाख से अधिक लोग संगम स्नान कर चुके थे। इसी के साथ महाकुंभ में कुल स्नानार्थियों की संख्या भी 60 करोड़ पार हो गई।
महाकुंभ के समापन में अब महज चार दिन शेष हैं। इसके अलावा साप्ताहिक अवकाश है। ऐसे में शनिवार को अधिक भीड़ की उम्मीद पहले से थी और इसकी झलक भी शुक्रवार शाम को दिख गई थी। श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुक्रवार रात से ही शुरू हो गया था।
शनिवार की सुबह तो हर प्रमुख मार्ग पर लोग ही दिख रहे थे। मेला प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शनिवार को दिन में 12 बजे तक 71.18 लाख लोग स्नान कर चुके थे। वहीं शुक्रवार तक कुल 59.31 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। इस तरह से शनिवार को दिन में 12 बजे तक ही 60.02 करोड़ से अधिक लोग संगम में डुबकी लगा चुके थे। जबकि, इसके बाद भी भीड़ लगातार बढ़ रही थी।
पौष पूर्णिमा स्नान के साथ 13 जनवरी को महाकुंभ की शुरुआत हुई थी। इस तरह से शनिवार तक 41 दिन हो गए। खास यह कि तारीख आगे बढ़ने के साथ संगम में डुबकी को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। इसका अनुमान इससे ही लगाया जा सकता है कि इन 41 में से 23 दिन एक करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया।
इनमें भी सात दिन तो दो करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि 26 जनवरी से 22 फरवरी के बीच यानी, 28 में से 21 दिन एक करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। भीड़ को देखते हुए अगले चार दिनों तक भी यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।