रायपुर, 9 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वाधान में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बूढ़ेश्वर मंदिर भवन, बूढ़ा तालाब में नेशनल पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप (ईस्ट एंड वेस्ट जोन इंडिया) और बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में देशभर से लगभग 400 खिलाड़ी अपनी ताकत और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
छत्तीसगढ़ बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के महासचिव मानिक ताम्रकार और छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप क्षत्रिय ने बताया कि नेशनल पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप का उद्घाटन 31 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे होगा, जबकि 2 नवंबर को दोपहर 3 बजे पुरस्कार वितरण समारोह होगा। इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, वेस्ट बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा के खिलाड़ी भाग लेंगे।
रेफरी के रूप में महाराष्ट्र के सैंडल एस. सोडे, प्रमोद एस. पाटिल, कोलकाता के अनूप यादव, ओडिशा के रुद्र कुमार और राजस्थान के सत्यनारायण सैनी अपनी सेवाएं देंगे। पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में चयनित खिलाड़ी 26 से 30 नवंबर तक श्रीलंका में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयन प्रक्रिया पावर लिफ्टिंग स्पोर्ट आॅर्गेनाइजेशन के महासचिव दुर्गेश राजोरिया करेंगे। इसके बाद 2 नवंबर को शाम 6 बजे से बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता होगी, जिसमें मिस्टर रायपुर और मिस्टर व मिस छत्तीसगढ़ प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
मिस्टर रायपुर में रायपुर जिले के खिलाड़ी, जबकि मिस्टर व मिस छत्तीसगढ़ में राज्यभर के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 1,51,000 रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता विभिन्न वजन वर्गों में होगी, और चयनित खिलाड़ी 12 जनवरी को इंदौर में होने वाली फेडरेशन कप में भाग लेंगे। सभी प्रतिभागियों के लिए आधार कार्ड लाना अनिवार्य है।
















