नेटवर्किंग आधुनिक बिजनेस की सबसे बड़ी ताकत

नेटवर्किंग आधुनिक बिजनेस की सबसे बड़ी ताकत

रायपुर, 14 नवंबर 2025। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स की युवा विंग युवा कैट ने रायपुर में बिजनेस मीट का आयोजन किया। यह आयोजन उत्साह, नवाचार और प्रेरणा के माहौल में सम्पन्न हुआ। आयोजन युवाओं के लिए व्यापारिक अवसर, नेटवर्किंग और विकास का ऐसा मंच साबित हुआ जिसने वोकल फॉर लोकल की भावना को नई उंचाइयों तक पहुंचाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अष्टविनायक रियलिटीज के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर संतोष लोहाना रहे। उन्होंने युवाओं को टीमवर्क, नेतृत्व और विज़न की शक्ति समझाते हुए कहा कि आज का दौर नेटवर्किंग का है। जो व्यक्ति या व्यवसाय सही लोगों से जुड़कर, सही सहयोग बनाकर आगे बढ़ता है, वही सफलता की उंचाइयों को छूता है। नेटवर्किंग केवल संपर्क नहीं, बल्कि अवसरों का सेतु है।

उन्होंने आगे कहा कि अष्टविनायक रियलिटीज आज रायपुर की अग्रणी रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है, जहां 1000 से अधिक पेशेवरों की समर्पित टीम कार्यरत है। उन्होंने टीमवर्क, मैनेजमेंट, स्केलिंग अप और निरंतर नवाचार के महत्व पर विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया।

प्रदेश प्रभारी अवनीत सिंह और प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल ने बताया कि युवा कैट का यह मासिक बिजनेस मीट युवा व्यापारियों, स्टार्टअप संस्थापकों और प्रोफेशनल्स के बीच सहयोग और सीख का माहौल बनाने के लिए आयोजित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि युवा कैट सिर्फ एक संगठन नहीं, बल्कि एक आंदोलन है जो युवाओं को जोड़ने, सहयोग करने और साथ मिलकर आगे बढ़ने की दिशा में काम कर रहा है। बैठक में बड़ी संख्या में युवा व्यापारी, उद्योगपति, स्टार्टअप फाउंडर्स और प्रोफेशनल्स शामिल हुए।

इस बिजनेस मीट का प्रमुख उद्देश्य था युवाओं को एक साझा मंच पर लाना जहां वे एक-दूसरे के साथ जुड़ सकें, अनुभव साझा कर सकें और मिलकर आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम के दौरान बिजनेस नेटवर्किंग सेशन, ओपन माइक इंटरैक्शन, और बिज़नेस एक्सचेंज जैसे सत्रों ने प्रतिभागियों को एक-दूसरे से जुड़ने, नए विचारों को समझने और दीर्घकालिक साझेदारियां बनाने का अवसर दिया।

प्रतिभागियों ने महसूस किया कि ऐसा मंच न केवल व्यापारिक अवसर बढ़ाता है बल्कि व्यक्तिगत विकास, आत्मविश्वास और स्वदेशी व्यापार की भावना को भी मजबूत करता है। कार्यक्रम का समापन जोश और नए संकल्पों के साथ हुआ, जहां सभी उपस्थित युवाओं ने मिलकर यह प्रतिज्ञा ली कि हम वोकल फॉर लोकल बनेंगे, सशक्त स्वदेशी व्यापार को अपनाएंगे।