गौरा (प्रतापगढ़), 27 जनवरी 2026। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाएं और सभी मतदाता का नाम सूची में शामिल कराएं। एक भी मतदाता का नाम सूची में जुड़ने से वंचित न रहे और एक भी मतदाता मतदान करने से न छूटे, यह दायित्व कार्यकर्ता को निभाना है।
यह संदेश समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता सुनील सिंह साजन ने दिया। वे रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के कहला गांव में स्थित धर्मराज पटेल विधि महाविद्यालय के प्रबंधक अरविंद पटेल द्वारा आयोजित कार्यक्रम शामिल होने पहुंचे थे।
यहां उन्होंने मतदाता सूची गहन सर्वेक्षण कार्य में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की। इस मौके पर रानीगंज के विधायक आरके वर्मा ने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक नागेन्द्र यादव उर्फ मुन्ना, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमरपाल यादव, शेर बहादुर यादव, शकील अहमद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।














