टोक्यो, 29 अगस्त 2025। दो दिन के जापान दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राजाधानी टोक्यो में अभूतपूर्व स्वागत हुआ। पीएम मोदी यहां 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे हैं। मोदी के स्वागत में जापानी समुदाय ने भारतीय संस्कृति को गले लगाया। कलाकारों ने एक ऐसा नजारा पेश किया, जिसने दोनों देशों के बीच दोस्ती की मिसाल कायम की है।
राजस्थानी परिधानों में सजे जापानी कलाकारों ने गायत्री मंत्र और लोकगीतों से माहौल को और रंगीन बना दिया। यह नजारा न सिर्फ खूबसूरत था, बल्कि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक पुल को और मजबूत करने वाला था। जापानी कलाकारों ने भारतीय संस्कृति को इस कदर अपनाया कि हर कोई देखता रह गया। राजस्थानी लोकगीतों की धुनों पर थिरकते हुए और गायत्री मंत्र का उच्चारण करते हुए उन्होंने दिखाया कि प्यार और सम्मान की कोई सीमा नहीं होती।
इस मौके पर पीएम मोदी ने भी कलाकारों से मुलाकात की, तस्वीरें खिंचवाईं और उनकी मेहनत की तारीफ की। इसके बाद यह पल हर किसी के लिए यादगार बन गया।
















