प्रतापगढ़, 21 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा तहसील क्षेत्र की रहने वाली आस्था सिंह ने देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान एम्स दिल्ली में कैंसर रिसर्च असिस्टेंट के पद पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है। आस्था की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए वह प्रेरणा बन गई हैं।
आस्था सिंह मूल रूप से कुंडा तहसील के उमरी बिहार कोटिला गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता कुंवर बहादुर सिंह उर्फ कल्लू सिंह ने अपनी बेटी की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके शैक्षिक सफर को साझा किया। आस्था की प्रारंभिक और माध्यमिक शिक्षा गांव के ही उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरी कोटिला से पूरी हुई।
इंटरमीडिएट की पढ़ाई रामस्वरूप इंटरमीडिएट कॉलेज, सुंदरगंज, स्नातक की पढ़ाई बीबीएस कॉलेज, प्रतापगढ़ और परास्नातक की डिग्री प्रयागराज विश्वविद्यालय से हासिल किया।
आस्था सिंह ने अपनी मास्टर डिग्री ‘फूड एंड न्यूट्रिशन और डाइटिशियन’ विषय में हासिल की है। खान-पान और पोषण के क्षेत्र में उनकी गहरी समझ और शोध के प्रति उनकी रुचि ने ही उन्हें एम्स जैसे संस्थान में कैंसर रिसर्च विभाग तक पहुंचाया है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में पोषण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, और अब आस्था इस क्षेत्र में शोध कर मरीजों की राह आसान करेंगी।
पिता कुंवर बहादुर सिंह का कहना है कि आस्था शुरू से ही पढ़ाई में काफी मेधावी थीं। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं आस्था
आस्था सिंह का परिवार काफी बड़ा है; वे 6 बहनें और एक भाई हैं। ऐसे में आस्था की यह सफलता समाज में ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ के नारे को चरितार्थ करती है। उनके चयन की खबर मिलते ही गांव में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही दिशा और प्रोत्साहन की जरूरत है।

















