• Home
  • शिक्षा
  • प्रतापगढ़ के 4 छात्रों ने छात्रवृत्ति परीक्षा में मारी बाजी
प्रतापगढ़ के 4 छात्रों ने छात्रवृत्ति परीक्षा में मारी बाजी

प्रतापगढ़ के 4 छात्रों ने छात्रवृत्ति परीक्षा में मारी बाजी

प्रतापगढ़, 9 मार्च 2026। शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं, इस बात को एक बार फिर प्रतापगढ़ के कम्पोजिट स्कूल डोमीपुर भुवालपुर के छात्रों ने सच कर दिखाया है। प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति परीक्षा के परिणामों में विद्यालय के चार मेधावी छात्रों ने शानदार रैंक हासिल कर न केवल अपने स्कूल, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। परीक्षा परिणामों में विद्यालय के छात्रों का दबदबा रहा। मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले छात्रों में साहिल कुमार वर्मा ने 16वीं, सिद्धार्थ ने 18वीं, दीपिका वर्मा ने 26वीं और आदित्य राज प्रजापति ने 32वीं रैंक हासिल किया।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शैल कुमारी श्रीवास्तव ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि छात्रों की अटूट मेहनत, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का सामूहिक परिणाम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विद्यालय प्रशासन का लक्ष्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें।

छात्रों की इस शानदार सफलता की खबर मिलते ही विद्यालय और आसपास के गांवों में उत्सव जैसा माहौल है। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस गौरवमयी उपलब्धि पर विद्यालय परिवार के सदस्य उर्मिला श्रीवास्तव, मालती देवी, अंजली श्रीवास्तव, अनामिका पाण्डेय, काजल द्विवेदी, पंकज पांडेय, नीलम सिंह, प्रतिभा विश्वकर्मा, रोशनी, बसंत कुमार, श्रद्धा सिंह, रीता मिश्रा, आकांक्षा मिश्रा, निशात फातिमा और अनुपम सिंह सहित समस्त स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रों को बधाई दी है।