• Home
  • छत्तीसगढ़
  • रायपुर पासपोर्ट कार्यालय में अब हर दिन मिलेंगे 60 अपॉइंटमेंट
रायपुर पासपोर्ट कार्यालय में अब हर दिन मिलेंगे 60 अपॉइंटमेंट

रायपुर पासपोर्ट कार्यालय में अब हर दिन मिलेंगे 60 अपॉइंटमेंट

रायपुर, 12 फरवरी 2026। रायपुर पासपोर्ट कार्यालय में अब पासपोर्ट बनवाने की लंबी कतारें नहीं रहेंगी। नव पदस्थ क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बीएस राना ने सीमित अपॉइंटमेंट की समस्या से परेशान छत्तीसगढ़वासियों को बड़ी दी है। उन्होंने कार्यभार संभालते ही व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है।

पहले जहां प्रतिदिन केवल 30 आनलाइन अपॉइंटमेंट दिए जाते थे, अब इस संख्या को दोगुना कर 60 कर दिया गया है। कार्यभार ग्रहण के बाद श्री राना ने आम नागरिकों को पारदर्शी, तेज और सुगम सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाया है।

अब हर कार्यदिवस पर 60 आवेदकों को व्यक्तिगत मुलाकात का अवसर मिलेगा। इससे लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण संभव होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे पासपोर्ट संबंधी शिकायतों, दस्तावेजी कमियों और अन्य बाधाओं के समाधान में भी तेजी आएगी।

सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि यदि कोई नागरिक आनलाइन अपॉइंटमेंट नहीं ले पाता और सीधे कार्यालय पहुंचता है, तो उसे भी मिलने का मौका दिया जाएगा। श्री राना ने जोर देकर कहा, हम कोशिश करेंगे कि कोई जरूरतमंद व्यक्ति खाली हाथ लौटे नहीं। जनसुविधा हमारी प्राथमिकता है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पासपोर्ट से जुड़े किसी भी कार्य के लिए सीधे कार्यालय से संपर्क करें। किसी भी बिचौलिए या एजेंट की जरूरत नहीं है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सरकारी है।

श्री राना इससे पहले कोलकाता पासपोर्ट कार्यालय में पदस्थ थे, जहां उन्होंने भी व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार किए थे।