| छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। |
रायपुर, 18 दिसंबर 2025। 22 दिसंबर 2025 को आध्यात्मिक वक्ता ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आएंगी। वे यहां इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों को मानसिक मजबूती का मंत्र देंगी। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय संयुक्त रुप से कर रहा है।
कार्यक्रम का विषय ‘अनिश्चितता के दौर में मानसिक मजबूती और सफलता का मार्ग’ रखा गया है। 22 दिसंबर 2025 की शाम 6 बजे से इंडोर स्टेडियम, बुढ़ापारा, रायपुर में यह कार्यक्रम होगा।
चेम्बर के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स और ब्रह्माकुमारी संस्थान का एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर उन्हें गरिमामय उपस्थिति के लिए आमंत्रित किया है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव को औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संरक्षक एवं पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, लाभचंद बाफना, प्रमुख सलाहकार सरल मोदी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राधा किशन सुंदरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से ब्रह्माकुमारी सविता दीदी, रश्मी दीदी एवं महेश डोडवानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।













