• Home
  • विदेश
  • नेपाल में हालात बेकाबू, राष्ट्रपति के घर पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा, दुबई भागने की तैयारी में पीएम ओली, तख्ता पलट की आशंका
नेपाल में हालात बेकाबू, राष्ट्रपति के घर पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा, दुबई भागने की तैयारी में पीएम ओली, तख्ता पलट की आशंका

नेपाल में हालात बेकाबू, राष्ट्रपति के घर पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा, दुबई भागने की तैयारी में पीएम ओली, तख्ता पलट की आशंका

काठमांडू, 9 सितंबर 2025। नेपाल में हालात हिंसक प्रदर्शन के दूसरे दिन बेकाबू हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के घर पर कब्जा जमा लिया है। खबर आ रही है कि प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली दुबई भागने की तैयारी में हैं। सभी स्थितियां तख्ता पलट जैसी दिखाई दे रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दुबई में अस्थायी शरण मांगी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री ओली चिकित्सा उपचार और संभवतः अस्थायी शरण लेने के लिए दुबई जाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने हिमायलन एयरलाइंस को भी तैयार रहने के आदेश दिए हैं। हालांकि, नेपाली मंत्रियों का कहना है कि ओली अपने चिकित्सा उपचार के लिए दुबई जा रहे हैं।

नेपाल में प्रदर्शनकारियों ने काठमांडू में राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल के घर पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने आवास पर पथराव किया और आग लगा दी है। यहां पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं, लेकिन वे गुस्साई भीड़ के आगे बेबस नजर आ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व नेपाली प्रधानमंत्रियों पुष्प कमल दहल उर्फ ​​प्रचंड और शेर बहादुर देउबा और ऊर्जा मंत्री दीपक खड़का के आवासों को भी नुकसान पहुंचाया है। नेपाली कांग्रेस मुख्यालय को आग के हवाले कर दिया।

प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री ओली ने मंगलवार शाम को अपने आवास पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है। नेपाली कांग्रेस के साथ गठबंधन सरकार चला रहे ओली पर इस्तीफे का दबाव बढ़ रहा है। अभी तक गृह मंत्री समेत 3 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। नेपाली कांग्रेस के नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा पर ओली से इस्तीफा मांगने का दबाव बनाया है। सर्वदलीय बैठक के बाद ओली कोई बड़ा निर्णय ले सकते हैं।