मुंबई, 12 दिसंबर 2025। दक्षिण भारतीय सिनेमा के महानायक और देशभर में सुपरस्टार की पहचान रखने वाले रजनीकांत आज 75 वर्ष के हो गए। 12 दिसंबर 1950 को बेंगलुरू में जन्मे रजनीकांत का असली नाम शिवाजी राव गायकवाड़ है। बचपन से ही अभिनय में रुचि रखने वाले रजनीकांत ने अपने शुरुआती दिनों में परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कारपेंटर, कुली और बस कंडक्टर तक की नौकरी की। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका झुकाव सिनेमा की ओर लगातार बना रहा और वे स्कूल प्ले में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते थे।
स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने बेंगलुरू ट्रांसपोर्ट सर्विस में बतौर बस कंडक्टर काम किया। इसी दौरान वे अपने अनोखे अंदाज सिगरेट उछालकर पीना और गॉगल के साथ स्टाइलिश एक्ट करने की वजह से जाने जाते थे। अभिनय के प्रति जुनून ने रजनीकांत को साल 1973 में मद्रास फिल्म इंस्टीट्यूट तक पहुंचाया, जहां उन्होंने एक्टिंग में डिप्लोमा किया। यही वह दौर था जब उनकी जिंदगी ने बड़ा मोड़ लिया। एक नाटक के दौरान उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर निर्देशक के. बालाचंदर ने उन्हें अपनी तमिल फिल्म में अभिनय का अवसर दिया।
रजनीकांत ने 1975 में के. बालाचंदर की फिल्म ‘अपूर्वा रागंगल’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इस फिल्म में कमल हासन मुख्य भूमिका में थे और रजनीकांत का किरदार छोटे लेकिन दमदार प्रभाव छोड़ गया। इसके बाद रजनीकांत ने कई फिल्मों में सहायक भूमिकाएँ निभाईं, लेकिन 1978 में आई तमिल फिल्म ‘भैरवी’ ने उन्हें पहली बार बतौर मुख्य अभिनेता पहचान दी। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई और रजनीकांत का सितारा चमक उठा।
1980 में आई ‘बिल्ला’ ने उन्हें सुपरस्टार का दर्जा दिलाया। यह फिल्म अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म ‘डॉन’ की तमिल रीमेक थी और बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई। अपने अनोखे स्टाइल, संवाद अदायगी और एक्शन दृश्यों ने रजनीकांत को दर्शकों का चहेता बना दिया।
रजनीकांत ने 1983 में फिल्म ‘अंधा कानून’ से बॉलीवुड में एंट्री की। इस फिल्म में उनकी भूमिका ग्रे शेड में थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया और फिल्म सुपरहिट रही। इसी दौरान उन्होंने ‘जॉन जॉनी जनार्दन’ में तिहरी भूमिका निभाई, हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर पाई।
आज रजनीकांत भारतीय सिनेमा का वह नाम हैं, जो सिर्फ एक अभिनेता नहीं बल्कि एक ब्रांड, एक स्टाइल और करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत माने जाते हैं। 75 साल की उम्र में भी उनका स्टारडम और लोकप्रियता पहले की तरह बरकरार है।
















