डेरवा (प्रतापगढ़), 11 मार्च 2025। गोवर्धन वाटिका के पावन परिसर में भारतीय किसान संघ, उत्तर प्रदेश (काशी प्रांत) का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 9 व 10 मार्च 2025 को सम्पन्न हुआ। यह आयोजन न केवल एक कार्यक्रम था, बल्कि किसान उत्थान और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक नए संकल्प का शुभारंभ भी था।
शुभारंभ का दृश्य अत्यंत मनमोहक था। प्रदेश अध्यक्ष भैया राम मौर्य, उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री शिवकांत दीक्षित, काशी प्रांत अध्यक्ष इंद्रासन प्रसाद सिंह, महामंत्री रवि शेखर, प्रांत संगठन मंत्री राम चेला, प्रांत कोषाध्यक्ष शिव शंकर पाठक, प्रचार प्रमुख डॉ. मान सिंह, मंत्री जयदीप और प्रांत प्रतिनिधि अंजनी सिंह ने गौ माता का पूजन कर, भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गायत्री परिवार द्वारा गूंजते वेद मंत्रों की ध्वनि ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भैया राम मौर्य ने कहा कि किसानों को जागृत करने के लिए ग्राम समिति आधारित प्रशिक्षण आवश्यक है। उन्होंने किसान का उत्थान, राष्ट्र का उत्थान के मंत्र को दोहराते हुए यह स्पष्ट किया कि जब तक किसानों को सही मार्गदर्शन नहीं मिलेगा, तब तक राष्ट्र का समुचित विकास संभव नहीं।
उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री शिवकांत दीक्षित ने अपने ओजस्वी विचार रखते हुए कहा, भारतीय किसान संघ केवल संगठन नहीं, बल्कि वंदे मातृभूमि वंदे की भावना से प्रेरित एक विचारधारा है। उन्होंने कहा कि यह कार्य करने के लिए ऐसे कार्यकर्ताओं की जरूरत है जो सात्विक भाव, सत्यनिष्ठा, राष्ट्रभक्ति और निर्मल चरित्र के धनी हों।
काशी प्रांत अध्यक्ष इंद्रासन प्रसाद सिंह ने ग्राम समितियों को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि हर ग्राम समिति को भारतीय किसान संघ की नीति के आधार पर नियमित बैठकें करनी चाहिए, जिनमें संपूर्ण समाज की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्रामीण स्व-विकास को एक आंदोलन बनाने पर बल दिया।
प्रांत संगठन मंत्री राम चेला ने इस विचार को आगे बढ़ाते हुए कहा कि जब तक प्रांतीय कार्यकर्ता योजनाबद्ध तरीके से ग्राम समितियों तक नहीं पहुंचेंगे, तब तक किसानों को संगठन के उद्देश्य से प्रेरित करना कठिन होगा।
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का संचालन काशी प्रांत महामंत्री रविशेखर ने किया। समापन सत्र में रामचंद्र, अखिल भारतीय घोष प्रमुख (केंद्र, कोलकाता) ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस कार्यक्रम की सफलता प्रतापगढ़ जिले के अध्यक्ष डॉ. एम. पी. सिंह, जिला मंत्री हौसला वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष डॉ. भारत लाल गुप्ता एवं संपूर्ण जिला कार्यकारिणी की समर्पित सहभागिता का परिणाम रही।
डेरवा के इस पावन धरती पर दो दिनों तक चले इस प्रशिक्षण वर्ग ने न केवल किसानों के बीच चेतना की नई लहर पैदा की, बल्कि यह संदेश भी दिया कि जब गांव सशक्त होंगे, तो देश भी समृद्ध होगा। राष्ट्र निर्माण की यह ज्वाला अब गांव-गांव तक पहुंचेगी और किसान संघ का यह प्रशिक्षण वर्ग उसमें अमृत का कार्य करेगा।