जल्द ही कांग्रेस में वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव को मिलेगी नई जिम्मेदारी

By
On:
Follow Us

कांग्रेस में इन दिनों संगठन में किया जा रहा है व्यापक बदलाव

रायपुर, 16 फरवरी 2025। कांग्रेस में जल्द ही छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव को नई जिम्मेदारी मिलने जा रही है। हाल ही में जहां महाराष्ट्र में प्रदेशाध्यक्ष और सीएलपी लीडर के नामों का ऐलान हुआ तो वहीं दूसरी ओर अगले दिन ही नौ राज्यों के प्रभारी दो महासचिव की नियुक्त हुई है। इन बदलावों में जहां राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की पसंद और छाप दिख रही है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के करीबी को भी अहम जिम्मेदारी मिली है।

सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही संगठन में कुछ और बदलाव देखने को मिलेंगे। जिन लोगों को जिम्मेदारियां मिलने की बात की जा रही है, उनमें अशोक गहलोत से लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री और सीनियर नेता टीएस सिंहदेव, यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास, सचिन राव, उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल, एआईसीसी के पूर्व सचिव प्रकाश जोशी का नामों की चर्चा है।

कहा यह भी जा रहा है कि प्रियंका गांधी के लिए भी प्रभार तय किया जाएगा। हालांकि वह सक्रिय राजनीति में आने के बाद से लगातार महासचिव हैं। यूपी के प्रभार जाने के बाद से उन्हें अभी तक कोई नया प्रभार नहीं मिला है।

हाल ही में कांग्रेस में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए एआईसीसी का महासचिव बनाया गया था। साथ ही उन्हें पंजाब का प्रभारी भी बनाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नई जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस संसदीय दल की नेता श्रीमति सोनिया गांधी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं और राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी के प्रति आभार जताया है। वैसे भूपेश बघेल को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दोनों की पसंद माना जाता है।

Ramesh Pandey

मेरा नाम रमेश पाण्डेय है। पत्रकारिता मेरा मिशन भी है और प्रोफेशन भी। सत्य और तथ्य पर आधारित सही खबरें आप तक पहुंचाना मेरा कर्तव्य है। आप हमारी खबरों को पढ़ें और सुझाव भी दें।

For Feedback - editorasr24@gmail.com
Join Our WhatsApp Channel