रायपुर, 7 जुलाई 2025। अल्ट्राटेक सीमेंट की बालौदा बाजार-भाटापारा स्थित लाइमस्टोन खदान को इंडियन ब्यूरो आफ माइन्स, खनन मंत्रालय द्वारा 5-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की तेरह लाइमस्टोन खदानों को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए इंडियन ब्यूरो आफ माइन्स, खनन मंत्रालय द्वारा सस्टैनबल माइनिंग में उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार समारोह 7 जुलाई 2025 को जयपुर, राजस्थान में आयोजित किया गया।
जिन तेरह खदानों को सम्मान प्राप्त हुआ, उनमें एक है परसवानी लाइमस्टोन माइन, जो अल्ट्राटेक की इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हिरमी सीमेंट वर्क्स का हिस्सा है और बालौदा बाजार-भाटापारा, छत्तीसगढ़ में स्थित है। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब हिरमी सीमेंट वर्क्स यूनिट को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ है।
अल्ट्राटेक के हिरमी सीमेंट वर्क्स ने अपने खनन क्षेत्र में जल संचयन, हरित पट्टी विकास, सामुदायिक भागीदारी और आसपास के कई गांवों को गोद लेने जैसे प्रयासों के माध्यम से खुद को अन्य खदानों से अलग साबित किया।
इस कार्यक्रम के दौरान, कोयला और खनन मामलों के केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने भारत की सबसे बड़ी सीमेंट और रेडी-मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) कंपनी अल्ट्राटेक को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए सतत विकास और संचालन में इन खदानों की उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। इस समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा उपस्थित रहे।













