रायपुर, 5 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एसएसपी डॉ लाल उमेंद्र सिंह ने सड़क दुर्घटन रोकने के लिए अनोखा प्लान बनाया है। उन्होंने इस कार्य के लिए आम नागरिकों को जिम्मेदारी सौंपने की मुहिम चलाई है। इस मुहिम में हिस्सा बनने के लिए 4500 उत्साही नागरिक सामने आये हैं। इन नागरिकों को पुलिस मितान की संज्ञा दी गयी है। रायपुर पुलिस 4500 पुलिस मितानों को प्रशिक्षण देने जा रही है। यह पुलिस मितान लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाईस देंगे और सड़क दुर्घटना में कमी लाएंगे।
नववर्ष पर आयोजित प्रेस मीट कार्यक्रम में एसएसपी डॉ लाल उमेंद्र सिंह ने इस प्लान की जानकारी मीडिया से साझा किया। आंकड़ों को प्रस्तुत करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में हुई सड़क दुर्घटनाओं का अध्ययन करने से यह पता चला है कि ज्यादातर दुपहिया वाहनों से दुर्घटनाएं हो रही हैं। इनमें पाया गया कि हेलमेट का उपयोग न करने वाले दुर्घटन में मौत का शिकार हो रहे हैं। यह भी पाया गया कि ज्यादातर दुर्घटनाएं यातायात नियम का पालन न करने से हुई। दुर्घटनाओं की संख्या शहरी क्षेत्र की तुलना में शहर से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में बढी पायी गयी।
ऐसे में उन्होंने निर्णय लिया है कि लोगों को समझाईस देकर ही इस पर नियंत्रण पाया जा सकता है। समझाईस देने के लिए 4500 पुलिस मितानों को चिन्हित किया गया है। जल्द ही पुलिस मितानों को प्रशिक्षण देकर उन्हें इस कार्य के लिए लगाया जाएगा। एसएसपी लाल उमेंद्र सिंह ने नागरिकों से अपील किया है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं।













