• Home
  • यूपी
  • यूपीईएसएससी अध्यक्ष प्रो. कीर्ति पांडेय का इस्तीफा, व्यक्तिगत कारणों का दिया हवाला
यूपीईएसएससी अध्यक्ष प्रो. कीर्ति पांडेय का इस्तीफा, व्यक्तिगत कारणों का दिया हवाला

यूपीईएसएससी अध्यक्ष प्रो. कीर्ति पांडेय का इस्तीफा, व्यक्तिगत कारणों का दिया हवाला

प्रयागराज, 26 सितंबर 2025। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) की अध्यक्ष प्रोफेसर कीर्ति पांडेय ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है और आयोग के वरिष्ठ सदस्य को अस्थायी रूप से कार्यभार सौंपा गया है। प्रो. पांडेय की नियुक्ति 1 सितंबर 2024 को गोरखपुर की पक्की बाड़ी, अखाड़ा कंपाउंड चौक निवासी के रूप में अध्यक्ष पद पर हुई थी। उन्होंने 22 सितंबर 2025 को अपना त्यागपत्र सौंप दिया, जिसके बाद से उनके इस अचानक निर्णय को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव गिरिजेश त्यागी ने बताया कि आयोग के प्रावधानों के तहत वैकल्पिक व्यवस्था के लिए ज्येष्ठतम सदस्य को दैनिक कार्यों के लिए अध्यक्ष के रूप में अधिकृत किया गया है। प्रो. पांडेय के इस्तीफे का समय ऐसे दौर में आया है, जब आयोग कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तैयारी में जुटा है। उनके इस फैसले से परीक्षा प्रक्रिया और तैयारियों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रो. पांडेय के नेतृत्व में आयोग ने हाल के महीनों में कई सुधारों और नई नीतियों पर काम शुरू किया था। उनके अचानक इस्तीफे ने शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों और अभ्यथिर्यों में अनिश्चितता पैदा कर दी है। हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया है कि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कार्य सुचारु रूप से चलता रहेगा। इस बीच, नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रो. पांडेय के भविष्य के कदमों पर भी सबकी नजर बनी हुई है।