यूपी

योगेश प्रताप सिंह अजगरा अष्ट में चयनित, 17 सितंबर को होगा ग्रैंड फिनाले

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On सितम्बर 6, 2026
1 min read 1.2k views
योगेश प्रताप सिंह

प्रतापगढ़, 6 सितंबर 2026। अजगरा महान संवाद की जिलास्तरीय संवाद प्रतियोगिता में नगर पंचायत रामगंज निवासी योगेश प्रताप सिंह ने अपने प्रभावी प्रदर्शन से अजगरा अष्ट में जगह बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। जोनल स्तर के कुल 16 प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में योगेश ने अपने तर्क, ज्ञान और विषयों को तत्काल समझकर सटीक अभिव्यक्ति की क्षमता से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखने का अवसर दिया गया। इस दौरान तर्क क्षमता, सामान्य एवं समसामयिक ज्ञान, नैतिक द्विविधा की परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता तथा तात्क्षणिक और सटीक अभिव्यक्ति जैसे बिंदुओं पर मूल्यांकन किया गया। योगेश ने इन सभी कसौटियों पर संतुलित और प्रभावी प्रदर्शन करते हुए शीर्ष आठ में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

योगेश प्रताप सिंह की शैक्षणिक एवं अध्यवसायी पृष्ठभूमि भी उनके प्रदर्शन में नजर आई। उनके पिता दिनेश प्रताप सिंह अवकाश प्राप्त प्राचार्य, इंटर कॉलेज भदरी, प्रतापगढ़ रहे हैं। उनके भाई गीतेश सिंह केंद्रीय विद्यालय में प्रिंसिपल हैं, जबकि पत्नी शिखा सिंह शिक्षिका हैं। शिक्षा से जुड़े परिवार में पले-बढ़े योगेश की अध्ययनशीलता और विषयों की समझ प्रतियोगिता के दौरान उनकी अभिव्यक्ति में दिखाई दी।

प्रतियोगिता में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी राम मोहन मीणा, अधिशासी अधिकारी अतुल सिंह तथा पीडी दयाराम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने अजगरा अष्ट में चयनित सभी आठ प्रतिभागियों का माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।

अब योगेश प्रताप सिंह के सामने प्रतियोगिता का सबसे अहम पड़ाव है। 17 सितम्बर को अजगरा में फाइनल चरण आयोजित होगा, जिसमें अजगरा अष्ट के प्रतिभागियों के बीच मुकाबले के बाद शीर्ष तीन प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। नगर पंचायत रामगंज क्षेत्र की निगाहें अब योगेश के अगले प्रदर्शन पर टिकी हैं।

इसे भी पढ़ें : द ग्रेट अजगरा डिबेट से चुने गए अजगरा अष्ट

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार और संपादक हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में वह ASR24 News के मुख्य संपादक के रूप में कार्यरत हैं। रमेश मुख्य रूप से राजनीति, सरकारी योजनाओं और सामाजिक मुद्दों पर गहराई से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और समय पर जानकारी पहुँचाना है। आप उनसे उनकी आधिकारिक ईमेल और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से जुड़ सकते हैं। https://www.facebook.com/asr24news https://twitter.com/asr24news https://www.youtube.com/@asr24news