सहायक अभियंता आकाश सिंह के प्रयास से पूरी हुई किसानों की आस

गौरा (प्रतापगढ़), 20 जुलाई 2025। प्रतापगढ़ जिले में रानीगंज तहसील के बोर्रा, कहला और खाखापुर गांव के किसान धान की खेती को लेकर खुश हैं। इसका कारण है सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता आकाश सिंह का अथक प्रयास, जिनकी बदौलत इस बार खरीफ सीजन में डिघवट माइनर के माध्यम से किसानों को धान की खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है।

यूपी के प्रतापगढ़ जिले में रानीगंज तहसील में स्थित डिघवट माइनर, सिचाई खंड प्रयागराज के चतुर्थ उपखंड प्रतापगढ़ के अंतर्गत आती है। इस माइनर में आमतौर पर खरीफ के सीजन में पानी की कमी रहती थी, जिससे किसानों को खेती में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन इस बार पहली बार 1 जून 2025 से डिघवट माइनर में लगातार पानी की आपूर्ति हो रही है, जिसने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है।

आकाश सिंह ने इस उपलब्धि के लिए दिन-रात मेहनत की। उन्होंने नहर की मरम्मत, पानी के प्रवाह में बाधाओं को दूर करने और उचित प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया। स्थानीय किसानों का कहना है कि पहले पानी की कमी के कारण धान की फसल को नुकसान होता था, लेकिन इस बार समय पर पानी मिलने से उनकी फसल लहलहा रही है। किसानों का कहना है कि पहली बार ऐसा हुआ है कि हमें जून से ही पानी मिल रहा है। आकाश सिंह के प्रयासों से हमारी मेहनत रंग ला रही है।

सहायक अभियंता आकाश सिंह का कहना है, किसानों की जरूरतों को समझते हुए हमने माइनर की सफाई और रखरखाव पर काम किया। हमारा लक्ष्य है कि हर किसान को समय पर पानी मिले। इस पहल से न केवल खेती को बल मिला है, बल्कि क्षेत्र में आकाश सिंह की कार्यशैली की भी सराहना हो रही है। सिंचाई विभाग के इस प्रयास से क्षेत्र के किसानों में नई उम्मीद जगी है, और वे अब बेहतर पैदावार की ओर अग्रसर हैं।