• Home
  • यूपी
  • सीएचसी गौरा के अधीक्षक ने ट्रिपल ए की बैठक में टीकाकरण पर दिया जोर
asr24news

सीएचसी गौरा के अधीक्षक ने ट्रिपल ए की बैठक में टीकाकरण पर दिया जोर

गौरा (प्रतापगढ़), 1 जनवरी 2026। नववर्ष 2026 के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा के अधीक्षक डॉ. अजय कुमार सिंह आयुष्मान आरोग्य मंदिर सुल्तानपुर में आयोजित ट्रिपल ए की बैठक में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए नए जोश, उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया।

डॉ. अजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य विभाग की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि टीकाकरण, पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से क्षेत्र में सक्रिय रहकर लोगों को जागरूक करने और योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक में बीएमसी नरेन्द्र कुमार मिश्र ने एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने टीकाकरण, स्वच्छता, पोषण अभियान, परिवार कल्याण और जननी सुरक्षा योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। साथ ही यह भी बताया कि इन योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन किस प्रकार किया जाना चाहिए। उन्होंने बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पूर्ण टीकाकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नियमित फॉलोअप की आवश्यकता पर बल दिया।

बीपीएम नितिन शर्मा ने भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित अन्य योजनाओं की जानकारी दी और लक्ष्य आधारित कार्य प्रणाली अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि टीमवर्क और समन्वय से ही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है।

बैठक में ग्राम प्रधान रुकांती देवी, सीएचओ अश्वी अस्थाना, आशा कार्यकर्ता सुमन श्रीवास्तव, मधुलिका मिश्रा, रेनू यादव, इन्द्रावती, सुदामा देवी, संगीता जायसवाल, सरोज कुमारी और संगीता देवी सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। सभी ने नववर्ष में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का संकल्प लिया।