यूपी

प्रतापगढ़ में जौनपुर का शातिर राजन मिश्रा गिरफ्तार, महिलाओं से करता था ठगी

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जनवरी 14, 2026
1 min read • 1.2k views
प्रतापगढ़ में जौनपुर का शातिर राजन मिश्रा गिरफ्तार

प्रतापगढ़, 14 जनवरी 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने शातिर ठग राजन मिश्रा को गिरफ्तार किया है। शातिर ठग राजन मिश्रा जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के बिलोई गांव का रहने वाला है। वह महिलाओं से ठगी करता था।

13 जनवरी 2026 को राजन मिश्रा ने प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के अमरगढ़ उदईशाहपुर की महिला के साथ ठगी की थी। पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके साथ अमरगढ़ चौराहे पर मोटरसाइकिल से आए तीन अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को मददगार बताकर बातचीत शुरू की।

आरोपियों ने पीले रंग के धातु का गुटका सोने का बिस्किट बताकर उसे धोखे में ले लिया और ठगी कर ली। पीड़िता की तहरीर पर थाना आसपुर देवसरा में मुकदमा संख्या 07/2026 धारा 318(4), 304(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में टीमों का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल के पयर्वेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। इसके बाद संदिग्ध स्थानों पर लगातार दबिश दी।

14 जनवरी 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महादेव इंटर कॉलेज के सामने मोलनापुर गांव मोड़ के पास से राजन मिश्रा पुत्र स्व. रामअधार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, फर्जी नंबर प्लेट और ठगी से जुड़े आभूषण बरामद किए गए।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर जौनपुर, प्रतापगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इसी तरह की घटनाएं करता था। बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 336(2), 340(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सचिन पटेल, हेड कांस्टेबल भानू सिंह, महिला कांस्टेबल आरती मौर्या, कांस्टेबल कैलाश यादव एवं चालक कांस्टेबल सुनील सिंह शामिल रहे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।