खेल

सरगुजा ओलंपिक : विकासखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं 28 जनवरी से

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जनवरी 21, 2026
1 min read • 1.2k views
सरगुजा ओलंपिक

कोरिया, 21 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़़ के सरगुजा संभाग में युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा पहली बार सरगुजा ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित होने वाले इस खेल महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

सरगुजा ओलंपिक का शुभारंभ जनवरी माह में होगा, जिसकी तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने मंगलवार को विस्तृत जानकारी दी।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने बताया कि प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित की जाएंगी। विकासखंड स्तर पर 28 जनवरी से 3 फरवरी, जिला स्तर पर 5 फरवरी से 10 फरवरी और संभाग स्तर पर 1 मार्च से 3 मार्च 2026 के बीच आयोजन किया जाएगा।

जिलास्तरीय आयोजन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों, स्वास्थ्य अमले एवं जिला खेल अधिकारियों को समुचित तैयारी, प्रचार-प्रसार, दीवार लेखन एवं ग्राम-वार्ड स्तर पर मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं।

ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीयन की सुविधा

सरगुजा ओलंपिक हेतु ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है। ऑनलाइन पंजीयन लिंक https://rymc.cg.gov.in/sargujaOlympic2025/ ऑफलाइन पंजीयन संबंधित शासकीय कार्यालयों के माध्यम से किया जा सकता है। पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।

कौन कर सकता है पंजीयन

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी का छत्तीसगढ़ का निवासी होना अनिवार्य है। 14 से 17 वर्ष- बालक- बालिकाएं, 17 वर्ष से अधिक महिला-पुरुष। इस प्रकार 14 वर्ष से अधिक आयु का हर खेल प्रेमी इसमें भाग ले सकता है।

12 खेल विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं

व्यक्तिगत खेल-एथलेटिक्स (100, 200, 400 मीटर, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवेलिन थ्रो, 400 मीटर रिले), तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, कुश्ती, कराते, दलीय खेल- फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, बास्केटबॉल शामिल है।

जिले में आयोजन स्थल

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने बताया कि कोरिया जिला आदिवासी बहुल क्षेत्र है। जिले के युवाओं को खेल मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 30 जनवरी को सोनहत मुख्यालय, 31 जनवरी को पोड़ी-बचरा तथा 3 फरवरी 2026 को बैकुंठपुर में होगा। सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से क्षेत्रीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और खेल संस्कृति को नई दिशा प्राप्त होगी।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।