गौरा (प्रतापगढ़), 27 जनवरी 2026। 77वें गणतंत्र दिवस पर के. एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, सुल्तानपुर में देशभक्ति और उल्लास से भरा भव्य समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर को राष्ट्रीय ध्वज, रंग-बिरंगे गुब्बारों और देशभक्ति संदेशों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।
समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान गाया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उपस्थित अतिथियों ने पूरे सम्मान के साथ भाग लिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और भाषण प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अमित कुमार मिश्र, ग्राम प्रधान श्रीमती रुकांती देवी, नारायण दत्त मिश्र, राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, सुरेन्द्र मिश्र, सुनील मिश्र, सत्यम पाण्डेय, राम कैलाश सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए संविधान के महत्व, लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्रीय एकता पर अपने विचार साझा किए।
संस्थापक जगदीश प्रसाद मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी और देशसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं प्रबंधक अमित कुमार मिश्र ने कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है और विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को संस्कारवान एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
















