प्रतापगढ़, 27 जनवरी 2026। प्रतापगढ़ में उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक संयुक्त संस्था के बैनर तले बाघराय से जेठवारा स्थित माता खुइलनदेवी धाम तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा पूर्व सैनिकों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को समर्पित रही। इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में पूर्व सैनिकों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत विकास खण्ड बिहार बाघराय से हुई। यात्रा लक्ष्मणपुर और मान्धाता क्षेत्र के नेवाड़ी मार्ग से होते हुए माता खुइलनदेवी धाम पर जाकर संपन्न हुई। पूरे यात्रा मार्ग में वन्दे मातरम् और भारत माता की जय के गगनभेदी नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा। हाथों में तिरंगा लिए पूर्व सैनिक अनुशासनबद्ध ढंग से आगे बढ़ते नजर आए, जिससे आम नागरिकों में भी उत्साह और गर्व की भावना दिखाई दी।
बाघराय में तिरंगा यात्रा को विक्कू सिंह ने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर रवाना किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों के अदम्य साहस और भारत माता के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी यात्राएं नई पीढ़ी को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक आज भी देश सेवा और सुरक्षा के लिए सजग एवं सक्रिय हैं।
माता खुइलनदेवी धाम पहुंचने पर तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल, मान्धाता ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अशफाक अहमद तथा प्रमुख बब्लू यादव ने पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर देश के नाम संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने राष्ट्र सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता और युवाओं में सैन्य चेतना विकसित करने पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में सेना के जवानों के लिए निःशुल्क कोचिंग संचालित किए जाने का महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया। साथ ही समाजसेवियों एवं पत्रकारों को तिरंगा पट्टिका व माला पहनाकर सम्मानित किया गया। तिरंगा यात्रा का संयोजन जिलाध्यक्ष कैप्टन अरुण यादव ने किया, जबकि संचालन समाजसेवी राजेन्द्र ने किया।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बाघराय थानाध्यक्ष श्रवण कुमार एवं जेठवारा पुलिस पूरे मार्ग में तैनात रही। पूर्व कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष इंद्रानंद तिवारी ने भी पूर्व सैनिकों के इस आयोजन की सराहना की।
यात्रा में सूबेदार मेजर (कैप्टन) सेना मेडल रामचंद्र यादव, अवधेश बहादुर सिंह, रमेश भदौरिया, कैप्टन नरेंद्र प्रताप सिंह, राजेश शुक्ला, राकेश पाण्डेय, मनोज शुक्ला, मनोज सिंह, पवन मिश्रा, राजेश यादव, नागेन्द्र यादव, गिरिश नारायण तिवारी, गोपाल कृष्ण, खलील अहमद, पारसनाथ मौर्या, एडवोकेट बैजनाथ, रामपूजन पटेल, राकेश मिश्रा, अयोध्या तिवारी, जोखू यादव सहित सैकड़ों पूर्व सैनिक व समाज के सम्भ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
















